फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। रविवार शाम हार्ट अटैक के शिकार हुए एक 45 वर्षीय व्यक्ति की जान लोहिया अस्पताल में समय पर मिले त्वरित इलाज से बच गई। अस्पताल में मरीज को 40 हजार रुपये की कीमत वाला जीवनरक्षक टेनेक्टेप्लाज इंजेक्शन बिल्कुल मुफ्त लगाया गया। जिससे उसकी स्थिति में तेजी से सुधार आया। जिले में यह दूसरा मौका है जब किसी मरीज को यह महंगा इंजेक्शन नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया है।
जानकारी के अनुसारए शाहजहांपुर जिले के हुलापुर गांव निवासी 45 वर्षीय ओविद को रविवार शाम अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। घबराए परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात डॉ0 दीपक तिवारी ने मरीज की प्राथमिक जांच की और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ0 मनोज पांडेय को सूचित किया। डॉ0 पांडेय ने मरीज का त्वरित आंकलन किया और ईसीजी कराया। रिपोर्ट के आधार पर उन्होंने बिना समय गंवाए मरीज को टेनेक्टेप्लाज इंजेक्शन देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। डॉक्टर के निर्देश पर तत्काल फार्मासिस्ट को बुलाकर मरीज को यह जीवनरक्षक इंजेक्शन दिया गया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद ओविद को काफी राहत महसूस हुई और उनकी बिगड़ती हालत में सुधार दिखने लगा। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ0 मनोज पांडेय ने बताया कि शासन द्वारा हर्टअटैक जैसे गंभीर और आपातकालीन मामलों के लिए यह बहुमूल्य इंजेक्शन अस्पतालों में उपलब्ध कराया गया है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों की भी जान बचाई जा सके। इलाज के बाद मरीज को कुछ समय तक लोहिया अस्पताल में ही डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया। जब ओविद की हालत पूरी तरह से स्थिर हो गई, तो बेहतर और आगे के इलाज के लिए उन्हें कानपुर के हृदय रोग संस्थान रेफर कर दिया गया है।
लोहिया में 40 हजार के इंजेक्शन से बची हर्टअटैक के मरीज की जान
