संदिग्ध परिस्थितियों में धू-धू कर जली बाइक

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कंपिल थाना क्षेत्र के पुरौरी गांव में मंगलवार रात लगभग 1 बजे राजन दुबे की बाइक में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। घर के बाहर खड़ी बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
रात में तेज लपटें उठती देख ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने तुरंत पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग पर काबू पाने तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। गनीमत रही कि आग बाइक तक ही सीमित रही और घर या अन्य किसी सामान को नुकसान नहीं पहुंचा। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पीडि़त राजन दुबे, जो विजय कुमार के पुत्र हैं ने बताया कि खड़ी बाइक में अचानक आग नहीं लग सकती। उन्होंने आशंका जताई कि यह किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रंजिश के चलते किया गया है। राजन ने यह भी बताया कि उनका मकान कच्चा है और छत में लकड़ी की धन्नियां पड़ी हुई हैं। यदि आग धन्नियों तक पहुंच जाती, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। राजन दुबे ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत पत्र देने की बात कही है। वहीं घटना के संबंध में कंपिल थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि उन्हें अभी तक इस मामले की कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *