बहराइच: पुलिस हिरासत में युवक की मौत

समृद्धि न्यूज। बहराइच में पुलिस हिरासत में एक मेडिकल स्टोर संचालक की मौत हो गई। दुष्कर्म के आरोप में पूछताछ के लिए उन्हें हिरासत में लिया गया था। बहराइच जिले के रामगांव में पुलिस के द्वारा पकड़ कर लाए गए आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के बाद हडक़ंप मच गया है। व्यापारी रामगोपाल नाम के आरोपी को रामगांव की पुलिस नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में पकड़ कर लाई थी और पूछताछ कर रही थी। सुरक्षा के मद्देनजर कई थाने की फोर्स व पीएसी के जवान रामगांव थाने में तैनात है। चर्चा है कि घटना के बाद रामगांव थाने में तैनात पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गए है। रेहुआ मंसूर गांव निवासी राकेश चंद्र श्रीवास्तव उर्फ गोपाल रामगांव थाने से कुछ दूरी पर मेडिकल स्टोर का संचालन करते थे। बताया जाता है कि दुष्कर्म के आरोप के मामले में गुरुवार शाम छह बजे पूछताछ के लिए पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। वहीं मृतक रामगोपाल के परिजनों का आरोप है कि थाने में लेकर जाने के बाद पुलिस ने बेरहमी से मारा-पीटा है। इसके बाद रामगोपाल की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। वहीं पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि रेप के आरोप में आरोपी को थाने पकड़ कर लाया गया था और उससे पूछताछ की जा रही थी, इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ गयी। जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। आरोपी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामगोपाल की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मौत की जानकारी पर परिवार व ग्रामीण आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में थाने पहुंचे। देर रात तक थाने का घेराव रहा। सूचना पर एएसपी नगर अशोक कुमार व ग्रामीण डीपी तिवारी पहुंचे। कई थानों की पुलिस फोर्स पर बुलाई गई। पीएसी के जवान भी मुस्तैद किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *