अपर पुलिस अधीक्षक ने पहुंचकर की जांच पड़ताल
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर दत्त में एक शादी समारोह की तैयारियों के दौरान टेंट का सामान लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार करीब 10 युवक घायल हो गए। जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ने भी पहुंचकर जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार ग्राम करनपुर दत्त निवासी दिनेश की पुत्री रुचि का विवाह 20 जून को होना है। विवाह समारोह की तैयारियों के तहत शनिवार को कस्बा अमृतपुर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में टेंट का सामान लादकर गांव लाया जा रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गांव के कई युवक भी सवार थे। रास्ते में अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे उसमें सवार युवक नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में आदित्य पुत्र बृजेश, प्रांशु पुत्र बृजेश, प्रेमी पुत्र दिनेश, सुधांशु पुत्र अनिल, शनि पुत्र शिववरण, अजय पुत्र रामरतन सिंह, सिंकू, गौरव पुत्र नरवीर सिंह, अंकित पुत्र आदर्श सहित अन्य युवक घायल हुए हैं। ट्रैक्टर चालक अमित पुत्र बृजेश भी हादसे में घायल हो गया। बताया जा रहा है कि घायलों में तीन युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय सामने अचानक एक टेंपो आ गया था। ट्रैक्टर पर सवार सत्यम पुत्र अरविंद ने बताया कि चालक ने टेंपो को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया। उन्होंने आशंका जताई कि स्टेयरिंग फेल होने या ब्रेक जाम होने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय तथा थाना प्रभारी निरीक्षक दर्शन सिंह सोलंकी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भिजवाया। जहां उनका उपचार कराया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। विवाह समारोह की खुशियां अचानक चिंता में बदल गईं। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं चिकित्सकों द्वारा गंभीर रूप से घायल युवकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ0 प्रमित राजपूत ने बताया चार घायल अंकित पुत्र आदर्श, 22 वर्षीय शनि पुत्र शिवन, 18 वर्षीय प्रांशु पुत्र बृजेश, 18 वर्षीय गौरव पुत्र विमलेश चारों गंभीर रूप से घायल है। राम मनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है, जिनकी हालत गंभीर थी, बाकी का इलाज किया जा रहा है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने पहुंचकर जांच पड़ताल की।
टेंट का सामान लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 10 घायल, 4 की हालत गंभीर
