तमंचे के बल पर दंपति से लूट

कंपिल, समृद्धि न्यूज। तमंचा के बल पर दंपति से बाइक सवार बदमाशो ने नगदी , जेवर व मोबाइल लूट लिए। राहगीरों के रुकने पर बदमाश फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।

नगर के मोहल्ला अंबेडकर नगर चिनहटपुर निवासी राजवीर शाक्य बुधवार शाम बाइक से पत्नी ऋचा व तीन वर्षीय बेटी कृतका के साथ अपने मामा की बेटी की शादी की दावत खाकर जनपद बदायूं के थाना उसहैत के गांव खिरिया से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह कम्पिल बदायूं मार्ग पर गांव कारव मोड़ के निकट पहुंचे। अटैना की तरफ से आए एक ही बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। एक बदमाश ने उनकी बेटी को उनसे छीन लिया और जेवर उतारने की धमकी दी। बदमाशों ने दंपति पर तमंचे के बल पर लगभग एक लाख रुपए के जेवर , पंद्रह सौ की नगदी , एक मोबाइल लूट लिए। राहगीरों के रुकने पर बदमाश अटैना की तरफ तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। पीड़ित दंपति ने मामले की सूचना स्वजनों को दी। मौके पर पहुंचे स्वजनों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर दंपति को थाने ले गए। थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *