नवाबगंज-मंझाना रोड पर परिजनों व ग्रामीणों ने लगाया जाम
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र में 13 नवंबर को हुई मारपीट की घटना के मामले में कथित तौर पर कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने शुक्रवार दोपहर नवाबगंज-मंझाना रोड पर जाम लगा दिया। परिजनों के मुताबिक, दोनों युवकों को थाने में बैठाए जाने की खबर मिलते ही उनकी मां को सदमा लगा और हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। करीब डेढ़ से दो घंटे तक चले जाम के बाद पुलिस के आश्वासन पर मार्ग बहाल हो सका।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मंझाना रोड स्थित नगर पंचायत क्षेत्र के नगला जोधा निवासी ज्ञान सिंह और निर्देश कुमार पुत्रगण घुरई लाल की बीते 13 नवंबर को पड़ोस के कुछ युवकों से किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। विवाद बढऩे पर दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं, जिनमें घुरई लाल के पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा था, जहां से चोटें गंभीर होने के कारण उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।
तीन दिन बाद इलाज कराकर दोनों घर लौटे थे। परिजनों का आरोप है कि उनके पक्ष की ओर से आरोपियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि दूसरे पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी थी। इसी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को निर्देश कुमार और ज्ञान सिंह थाने पहुंचे थे, जहां पुलिस ने कथित रूप से दोनों को बैठा लिया। परिजनों के अनुसार, इसकी सूचना मिलते ही उनकी मां मीना देवी को सदमा लग गया और हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने दोपहर करीब 3 बजे नवाबगंज-मंझाना रोड पर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया और करीब डेढ़ से दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। शुरुआती दौर में मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज गीतम सिंह ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने कस्बा इंचार्ज पर पैसे लेकर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार किसी सरकारी कार्य से फतेहगढ़ गए हुए थे। सूचना मिलने पर उन्होंने मौके पर पुलिस बल भेजा। घटना की जानकारी पाकर चौकी इंचार्ज दरोगा अभिलाख सिंह और मंझाना इंचार्ज दरोगा जगराम सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे, लेकिन परिजन किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया और शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया के लिए थाने ले जाया गया। परिजनों ने थाना पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों के पास जाने की बात कही है। स्थिति की सूचना मिलने पर मोहम्मदाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
