चिलसरा चौकी इंचार्ज का उपचार के दौरान निधन

पुलिस महकमे में शोक की लहर
शमशाबाद,समृद्धि न्यूज। चिलसरा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनुज कुमार चौहान (36) का शनिवार दोपहर बाद कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना से पुलिस महकमे और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार 22 नवंबर को ड्यूटी के दौरान अनुज कुमार चौहान को ब्रेन हेमरेज हो गया था। इसके बाद चौकी के सिपाही अंकित कुमार सिंह और जितेंद्र कुमार सिंह उन्हें तुरंत चौक बाजार स्थित एक नर्सिंग होम ले गए थे। वहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई लखनऊ रेफर किया, लेकिन तबीयत अत्यंत नाजुक होने के चलते उन्हें कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे तभी से वेंटिलेटर पर थे। उनकी देखरेख के लिए दोनों सिपाही अस्पताल में ही तैनात रहे। दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया गया कि 36 वर्षीय अनुज कुमार के कोई संतान नहीं थी और उन्होंने अपनी दोनों बहनों का विवाह कर दिया था। उन्हें पिता के स्थान पर मृतक आश्रित कोटे के तहत नौकरी मिली थी। शमशाबाद थाना अध्यक्ष सचिन चौधरी ने चौकी इंचार्ज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि अनुज कुमार मूल रूप से जनपद मुरादाबाद के रहने वाले थे और जनवरी 2026 में कोतवाली मोहम्मदाबाद से स्थानांतरित होकर यहां आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *