
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। शासन प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद भी गौशालाओं की व्यवस्था नहीं सुधार रही है। चारे व दवाओं के अभाव में अक्सर पशु दम तोड़ते रहते हैं। एक गाय मरी पड़ी देखी जा सकती है तथा कई बेजुवान बीमार है। जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र तथा विकास खंड क्षेत्र मोहम्मदाबाद के ग्राम पंचायत सितवनपुर पिथू के मजरा हेकडग़ंज में बनी बड़े स्तर की गौशाला जिसमें गोवंशों का बुरा हाल है। चारे तथा दवाओं के अभाव में कई पशु दम तोड़ चुके हैं। जो गौशाला के अंदर ही पड़े हैं। जबकि कई पशु बीमार हैं। जिनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। वहीं दूसरी ओर सरकार गौशालाओं पर करोड़ों रुपया पानी की तरह बहा रही है। जिससे कोई गौवंश भूखा न मरे और गौशालाओं की व्यवस्था चाक चौबंद हो, लेकिन मातहत अपनी डियूटी का बखूबी निर्वहन नहीं कर रहे हैं। ग्राम पंचायतों की निधि से गोवंशों के लिए हर महीने विकास कार्यों को छोड़कर लाखों रुपया निकाला जाता है, लेकिन गोवंश की व्यवस्था जस की तस बनी हुई है। आज जब मीडिया कर्मी गोवंशों के मृत होने की सूचना पाकर गौशाला पर पहुंचे, तो सामने से ही 4 गोवंश मरे पड़े दिखाई दे रहे थे। जिनका मीडिया कर्मियों द्वारा फोटो खींचने पर वहां के गोपालक उग्र हो गए तथा फोटो खींचने का विरोध करने लगे और तो और एक मीडिया कर्मी की बाइक की चाबी भी निकाल ली और कहा कि यहां पर अधिकारियों का फरमान है कि कोई भी मीडिया कर्मी गौशाला की खबर को नहीं चला सकता है। यह आदेश गौशाला से संबंधित अधिकारियों का बताया गया। जब इस बाबत वहां पर तैनात सचिव अवधेश कुमार से इस बारे में जानकारी जुटानी चाही, तो सचिव का फोन नहीं लगा, लेकिन वहां तैनात गोपालक कर्मचारी अपनी जिद पर अड़े रहे। तब सूचना थाना अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा को दी गई, तब मीडिया कर्मियों से गोपालक दूर हटे और मीडिया कर्मियों को जाने दिया। बताते हैं कि इस गौशाला में करीब एक हजार गौवंश हैं।
