भाजपा सरकार युवा, किसान, गरीब और पीडीए विरोधी: रामआसरे विश्वकर्मा

2027 में सत्ता से हटाना जरूरी
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। कस्बा नवाबगंज स्थित एक गेस्ट हाउस में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव व अमृतपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डा0 जितेन्द्र सिंह द्वारा पीडीए स्वजन संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने सेक्टर व बूथ अध्यक्षों को संगठन की नींव मजबूत करने के अहम टिप्स दिए। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और भुखमरी चरम पर पहुंच गई है। किसानों और पीडीए वर्ग यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज का सबसे ज्यादा उत्पीडऩ हो रहा है। पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देश के नौजवानों को हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का वादा पूरी तरह धोखा साबित हुआ है। लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीना दुश्वार कर दिया है। मध्यम और कुटीर उद्योग-धंधे बंद होने से गरीब और मजदूर भुखमरी के शिकार हो रहे हैं। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा भी छलावा निकला।
पीडीए वर्ग पर अत्याचार चरम पर
रामआसरे विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा से संरक्षित अपराधियों और पुलिस की सांठगांठ से पीडीए वर्ग की हत्याएं और बेटियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिसे रोकने में पुलिस नाकाम है। उन्होंने आंकड़े देते हुए कहा कि भाजपा सरकार में हुए फर्जी एनकाउंटर में 60 प्रतिशत पीडीए समाज के लोग मारे गए। योगी सरकार द्वारा जाति देखकर की गई 24 बुलडोजर कार्रवाइयों में से 22 कार्रवाइयां केवल पिछड़े, दलित और मुस्लिमों पर हुईं। पुलिस हिरासत में हुई मौतों में भी 60 प्रतिशत पीडीए समाज के लोग हैं। उन्होंने कहा कि केवल विश्वकर्मा समाज के 40 नौजवानों की हत्या और बेटियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं। अपराधियों को भाजपा सरकार का संरक्षण प्राप्त है इसलिए उन पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
सरकारी भर्तियों में बड़ा घोटाला
पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में सरकारी नौकरियों की भर्ती में पीडीए वर्ग के आरक्षण में जबरदस्त घोटाला किया गया। पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित 22 परीक्षाओं में पीडीए के आरक्षित 11,514 पदों को सामान्य वर्ग से भर दिया गया। यह पीडीए वर्ग के साथ बहुत बड़ा धोखा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश भर्तियों के पेपर लीक होना और फिर परीक्षा रद्द करना नौजवानों के भविष्य के साथ धोखा है। नीट परीक्षा की विफलता ने पूरे देश में भाजपा सरकार की पोल खोल दी है, जिससे प्रभावित होकर कई नौजवानों को आत्महत्या करनी पड़ी।
2027 में बदलाव का आवाह्न
पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह पीडीए विरोधी और जनविरोधी सरकार है। जनता का विश्वास भाजपा से उठ चुका है। जनहित में इस सरकार को सत्ता से हटाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि 2027 में भाजपा को हटाकर अखिलेश यादव को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएं, ताकि प्रदेश के नौजवानों, किसानों, गरीबों और पीडीए वर्ग का भला हो सके। कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र सिंह गौर ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी, सर्वेश अंबेडकर, इलियास मंसूरी, साजिद अली खान, नवरंग सिंह यादव, मुन्नालाल राठौर, अरविंद कश्यप, प्रदीप यादव टीटू, सुरेंद्र सिंह गौर, अमन सूर्यवंशी, अनुराग यादव, भोला यादव, आशीष शर्मा, हरीश मैथली, शिव शंकर शर्मा, अजय राज यादव, मनोज यादव, राजीव यादव, रवि यादव, देवेंद्र सिंह राजपूत, सुरेंद्र सिंह शर्मा, मोहम्मद फारूक अली, ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह यादव, इरशाद अली सहित तमाम समाजवादी पार्टी के समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *