डा0 जितेन्द्र सिंह यादव ने पीडीए स्वजन संवाद में ग्रामीणों को किया जागरूक, गिनाईं सपा सरकार की उपलब्धियां

पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने दिया बूथ मजबूती का मंत्र, भाजपा पर साधा निशाना
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। कस्बा नवाबगंज स्थित एक गेस्ट हाउस में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव व अमृतपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डा0 जितेन्द्र सिंह द्वारा पीडीए स्वजन संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने सेक्टर व बूथ अध्यक्षों को संगठन की नींव मजबूत करने के अहम टिप्स दिए।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा वर्तमान भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसी भी समाज की हितैषी नहीं है। पूरे प्रदेश में विश्वकर्मा समाज सहित अन्य शोषित वर्गों का उत्पीडऩ किया जा रहा है। जब समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीडि़तों का हाल जानने जाता है, तो उन पर पथराव कराया जाता है और उल्टा उन्हीं पर मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। ऐसी तानाशाही सरकार से न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से एकजुट होकर समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान करने और अखिलेश यादव को पुन: मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के आयोजक डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव ने मुख्य अतिथि को गदा भेंटकर उनका स्वागत किया और मंच पर मौजूद अतिथियों व क्षेत्र की जनता का स्वागत किया। खराब मौसम और तेज बारिश के बावजूद विशाल जनसमूह की उपस्थिति देखकर उन्होंने खुशी जाहिर की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कार्यक्रम में आने के लिए सभी का सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया। डा0 जितेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि आज देश और प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। किसान, नौजवान, व्यापारी और आम आदमी भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त हो चुका है। उन्होंने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए के नारे को घर-घर तक पहुंचाना है और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होना है। उन्होंने ग्रामीणों को समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों की याद दिलाई। उन्होंने प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा किसान और ग्रामीण कल्याण, किसानों के लिए मुफ्त सिंचाई, कर्ज माफी और खाद-बीज की आसान उपलब्धता सपा सरकार की देन थी। युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए मुफ्त लैपटॉप वितरण और बालिकाओं के लिए कन्या विद्या धन योजना शुरू की गई थी। समाजवादी पेंशन के माध्यम से गरीब परिवारों और महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की गई। स्वजन संवाद के दौरान ग्रामीणों ने बाढ़ से होने वाले कटान, खस्ताहाल सडक़ों, आवारा पशुओं की समस्या और बिजली कटौती जैसी अपनी स्थानीय परेशानियां भी साझा कीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी उनके हर संघर्ष में उनके साथ खड़ी है और सपा की सरकार बनते ही इन सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
वहीं जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने बताया कि सभी बूथ के अध्यक्ष सेक्टर प्रभारी अपने-अपने बूथ को मजबूत करें और समाजवादी पार्टी को जीतने का काम किया जाएगा। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष रामसेवक सिंह यादव ने डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव को मजबूत करने का लोगों से अनुरोध किया और और समाजवादी पार्टी को पूर्ण रूप से मजबूत करने का अनुरोध किया है। सर्वेश अंबेडकर ने समाजवादी पार्टी के नेतृत्व को मजबूत करने के लिए लोगों से आवाह्न किया तथा जनपद के सभी नेताओं ने अपने-अपने वक्तव्य में समाजवादी पार्टी को जिताने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र सिंह गौर ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी, सर्वेश अंबेडकर, इलियास मंसूरी, साजिद अली खान, नवरंग सिंह यादव, मुन्नालाल राठौर, अरविंद कश्यप, प्रदीप यादव टीटू, सुरेंद्र सिंह गौर, अमन सूर्यवंशी, अनुराग यादव, भोला यादव, आशीष शर्मा, हरीश मैथली, शिव शंकर शर्मा, अजय राज यादव, मनोज यादव, राजीव यादव, रवि यादव, देवेंद्र सिंह राजपूत, सुरेंद्र सिंह शर्मा, मोहम्मद फारूक अली, ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह यादव, इरशाद अली सहित तमाम समाजवादी पार्टी के समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *