भाजपा की बैठक में धार्मिक ग्रंथ पर नाश्ते की प्लेट रखने का फोटो वायरल

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भारतीय जनता पार्टी के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू के कुछ दिन पूर्व फर्रुखाबाद आगमन के दौरान एक कार्यालय से वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उस फोटो को लेकर दावा किया जा रहा है कि एक धार्मिक ग्रंथ श्रीमद्भगवद्गीता के ऊपर नाश्ते की प्लेट रखकर नाश्ता किया गया। फोटो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और मामले में स्पष्टीकरण की मांग उठ रही है। सनातन धर्म के प्रमुख ग्रंथ श्रीमद्भागवत गीता और श्रीरामचरित मानस के ऊपर नाश्ता भरी प्लेट रखी है। उसके पीछे कुर्सियों पर भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष व विधायक समेत अन्य नेता बैठे हैं। वीडियो में पगड़ी बांधे हुए भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू, जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह, भाजपा नेता सचिन यादव समेत अन्य नेता दिख रहे हैं। मेज पर श्रीरामचरित मानस और उसके ऊपर श्रीमद्भागवत गीता रखी है। दोनों धर्मग्रंथों के ऊपर नाश्ते से भरी एक प्लेट रखी है। माना जा रहा है कि यह वीडियो 14 जुलाई को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष के जनपद में प्रथम आगमन के दौरान हुए स्वागत कार्यक्रम का है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग इसे सनातन धर्मग्रंथों का अपमान बता रहे हैं। साथ ही लोग वीडियो में दिख रहे लोगों से माफी मांगने की बात भी लिख रहे हैं। अभी तक भाजपा के किसी नेता ने सामने आकर इस वीडियो के बारे में कोई सफाई नहीं दी है। जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा ने बताया कि फतेहगढ़ स्थित जिला पंचायत में स्वागत कार्यक्रम था। उस समय भीड़ अधिक हो गई थी। किसी ने नाश्ते की प्लेट धर्मग्रंथ पर रख दी होगी। हम लोग सच्चे सनातनी हैं। जानबूझकर ऐसा नहीं कर सकते। अनजाने में किसी के रख देने के मामले में लोगों को आलोचना नहीं करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *