थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी के न पहुंचने पर लोगों के हाथ लगी मायूसी

उपजिलाधिकारी व सीओ ने सुनी समस्याये, 80 शिकायतों में से 5 का मौके पर निस्तारण

कंपिल, समृद्धि न्यूज। थाना समाधान दिवस के दौरान विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 80 शिकायतो में से मौके पर 5 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायती पत्रों के यथाशीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम-एसपी के आगमन की पूर्व सूचना पर एकत्रित हुई फरियादियों की भीड़ को उस समय मायूसी हाथ लगी जब उनकी शिकायतों को डीएम-एसपी के स्थान पर एसडीएम व सीओ ने सुना। थाना कंपिल में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस पर क्षेत्र में सूचना थी कि इस दिन जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक के साथ बैठकर क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे। इस संबंध में बाकायदा प्रेस नोट जारी कर सूचना दी गई। जिसके चलते शनिवार को थाना परिसर में पिछले कई समाधान दिवस से कई गुना ज्यादा फरियादी एकत्रित हुए, लेकिन जिलाधिकारी व एसपी के ना आने पर लोग निराश हो गए। इस दौरान कायमगंज के उपजिलाधिकारी यदुवंश कुमार वर्मा व क्षेत्राधिकारी सोहराब आलम ने जनता की समस्याएं सुनी। थाना दिवस में कुल मिलाकर 80 समस्याएं आई, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। वहीं कई शिकायतें पारिवारिक विवाद व मारपीट को लेकर रही। जिसमे से गांव भैसरी निवासी रामऔतार ने शिकायत की कि उसने 2002 में खेत का बैनामा करवाया था, जिस पर ग्राम मिस्तनी निवासी एक किसान का कब्जा था। उस पर कैरई निवासी कुछ लोगों ने जबरदस्ती झोपड़ी डालकर कब्जा कर लिया है। कई बार शिकायत की गई मगर समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका। वहीं हन्या नगला निवासी दिव्यांग महिला कांतिदेवी ने बच्चों के विवाद में पड़ोसियों के द्वारा की गई मारपीट में कानूनी कार्रवाई करने के मांग की। कस्बे के मोहल्ला माझ गांव निवासी अरविंद ने प्रार्थना पत्र दिया कि उसने तालाब में मछली पालन के लिए 10 वर्ष के लिए पट्टा लिया था। अर्जुन नगला निवासी किसी व्यक्ति ने उस पर कब्जा कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *