सिलेंडर से गैस चूल्हे का पाइप निकलने से लगी आग, स्कूल में मचा हड़कंप

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। सिलेंडर से गैस चूल्हे का पाइप निकलने से आग लग गयी। जिससे स्कूल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अग्निशमन यंत्र से जैसे तैसे आग पर काबू पाया जा सका। वहीं प्रधानाध्यापक रसोईघर के पास गिरकर घायल हो गये। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार प्राथमिक विद्यालय हुसैनपुर बांगर में सोमवार को लगभग 10.30 बजे रसोईया लक्ष्मी देवी और अशोका देवी मिड-डे मील का भोजन बना रही थीं। थोड़ी देर पहले नया सिलेंडर प्रधानाध्यापक द्वारा स्कूल में मंगाया गया था। सिलेंडर लगने के बाद अचानक सब्जी बनते समय सिलेंडर से चूल्हे का पाइप निकल गया। जब तक रसोईया उसे बंद करने उठती तब तक गैस ने आग पकड़ ली। यह देख रसोईया चिल्लाते हुए बाहर की तरफ भागी। जिससे स्कूल में हड़कंप मच गया। अध्यापक रसोई घर की तरफ भागे। प्रधानाध्यापक आसिफ अली रसोई घर में जैसे ही घुसे आग की तेज लपट देख बाहर ही गिर पड़े और अचेत हो गये। जैसे तैसे अध्यापकों ने उन्हें उठाकर सुरक्षित जगह पर लिटाया और अग्निशमन यंत्र के दो सिलेंडर गैस बुझाने में खत्म हो गये। बाद में टेलीफोन से अन्य अध्यापकों को जानकारी दी गई। तब तक क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य यशवीर दो अग्निशमन सिलेंडर लेकर स्कूल पहुंचे और आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी गई थी, लेकिन अग्निशमन यंत्र के सहारे आग पर काबू पा लिया गया। स्कूल के अन्य अध्यापकों ने बच्चों को पीछे गेट से सुरक्षित बाहर निकाल दिया। स्कूल में अनुज कुमार, कुमारी नेहा कीर्ति शर्मा सहायक अध्यापक मौजूद थे। वहीं शिक्षामित्र अखिलेश कुमारी, आशीष कुमरा, संजय कुमार भी मौजूद थे। थोड़ी देर बाद जानकारी पाकर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। प्रधानाध्यापक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज में भर्ती कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *