मेरापुर (सं.)। शुक्रवार की रात थाना क्षेत्र के गांव बरखिरिया निवासी जगरूप सिंह पुत्र बृजराज सिंह के घर से अज्ञात चोर नकदी, जेवर चोरी कर ले गए। जगरूप सिंह ने अपने स्वजनों के सहयोग से चोरों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के सम्बन्ध में मेरापुर पुलिस ने जगरूप की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। तहरीर के अनुसार जगरूप सिंह का गांव बरखिरिया से करीब 500 मीटर दूर घर बना है। जगरूप सिंह यहां अपने स्वजनों के साथ रहते हैं। शुक्रवार की रात 1 बजे गृहस्वामी जगरूप सिंह अपने स्वजनों सहित घर पर सोए हुए थे। बाहर के गाय पकडऩे वाले कुछ लोग सीढ़ी लगाकर खिड़की से घर के अन्दर घुस गये। वह लोग एक सोने की चैन, दो सोने की अंगूठी व एक सोने का मंगलसूत्र और 20 हजार रुपए की नकदी लेकर निकल गए। सुबह जब उठकर देखा तो जूता चप्पलों के निशान बने हुए थे निशानों की दिशा में जब हम लोग गए तो कुछ दूरी पर बाहर के कुछ लोग एक गिरोह में बैठे दिखाई दिए। जब उनके पास हम लोग पंहुचे तो उनमें से कुछ लोग भागने लगे। हम लोगों ने दौड़कर पीछा करते हुए संकिसा में कुछ लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों को डायल 112 पुलिस के सुपुर्द कर दिया। एसआई लव कुमार ने बताया कि मुकदमे की जांच चल रही है अभी तक इस संबंध में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
