परिजन बोले बुखार आ रहा था, पेट व सीने में दर्द उठने से अस्पताल लेकर आये
पुलिस को सूचना दिये बगैर ही शव घर लेकर चले गये
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन पुलिस को सूचना दिये बगैर ही शव लेकर घर चले गये।जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव अमलइया मुकेरी निवासी रामगोपाल की 21 वर्षीय पुत्री लाडली की संदिग्ध परिस्थितियों में हालत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर आये। जहां चिकित्सक विपिन कुमार ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों ने बताया कि लाडली को कई दिनों से बुखार आ रहा था। शनिवार को अचानक उसके सीने व पेट में दर्द उठा तो गांव में ही एक प्राइवेट चिकित्सक को दिखाया था, लेकिन रविवार को सुबह अचानक उसकी फिर हालत बिगड़ गयी। आनन-फानन में अस्पताल लेकर आये, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतका का शव काफी देर तक अस्पताल में ही रखा रहा, लेकिन परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी और शव लेकर घर चले गये। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी।
