श्री रामजन्मभूमि सुरक्षा में तैनात पीएसी जवान को लगी गोली, मौत।

समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। श्री रामजन्मभूमि की सुरक्षा में तैनात 25वीं बटालियन पीएसी रायबरेली में नियुक्त आरक्षी कुलदीप त्रिपाठी की रायफल से शुक्रवार की सुबह अचानक गोली चल गई।इस गोली के लगने से वह घायल हो गया जिस पर आसपास के लोगों द्वारा उसे तत्काल राजा दशरथ मेडिकल कालेज ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के मुताबिक वर्ष 2019 बैच का पीएसी आरक्षी कुलदीप त्रिपाठी मूल रूप से सिद्धार्थनगर जिले का रहने वाला है तथा श्री राम जन्मभूमि सुरक्षा ड्यूटी में तैनात था।शुक्रवार की सुबह करीब 6 बजकर 15 मिनट पर जब यहां मूसलाधार बारिश हो रही थी तभी बारिश का पानी कुलदीप की रायफल की बैरल में चला गया।इस पर कुलदीप रायफल के बैरल की सफाई करने लगा और तभी अचानक से गोली चल गई।यह
गोली कुलदीप के गले में जा लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।इस घटना की सूचना मिलते ही आनन फानन में इलाकाई पुलिस के अलावा वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचने लगे।इधर घायलावस्था में ही आसपास के लोगों द्वारा तत्काल घायल आरक्षी कुलदीप को राजा दशरथ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने पर जांच पड़ताल के बाद कुलदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।वहीं घटना की सत्यता परखने के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर गहन पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए।
पीएसी जवान की मौत की सूचना पर कुछ ही देर में आईजी पीएसी अपर्णा कुमार पोस्टमार्टम हाउस पहुंची।उन्होंने मृत पीएसी जवान कुलदीप के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि विभाग और सरकार शोकाकुल परिवार के साथ है और परिवार की हर तरह की मदद की जाएगी।इधर मृत पीएसी जवान कुलदीप के पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन मैदान में अयोध्या पुलिस परिवार द्वारा और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।इस दौरान आईजी अयोध्या परिक्षेत्र प्रवीण कुमार,एसएसपी राजकरन नैय्यर,एसपी सिटी मधुबन सिंह,एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर,सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह,सीओ अयोध्या शैलेंद्र प्रताप गौतम व सीओ सदर संदीप सिंह सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *