दहेज में कार न मिलने पर नवविवाहिता की ससुरालियों ने कर दी हत्या

पति व ससुर को पकडक़र मायके वालों ने पुलिस को सौंपा
पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता का शव ससुराल में जमीन पर मायके वालों को पड़ा मिला। पति सहित पांच ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी गई। पुलिस ने मौके से पति व ससुर को पकड़ लिया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी व फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम शुकुरुल्लापुर निवासी रीना पत्नी नितेश अवस्थी की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों को रीना का शव जमीन पर पड़ा मिला। उसके गले में चोटों के निशान थे। मृतका के पिता अवधेश चतुर्वेदी निवासी ग्राम अहमदगंज कोतवाली कायमगंज ने पुलिस को पति नितेश, ससुर विजयकांत, सास सोनी, निधि ननद, आदेश अवस्थी जेठ के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी। जिसमें दर्शाया कि उन्होंने पुत्री रीना का विवाह ३ मई २०२३ को नितेश के साथ किया था। जिसमें लगभग १० लाख रुपया खर्च किया था। जरुरत का सभी सामान दिया था, लेकिन उसके बावजूद ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में एक कार की मांग करने लगे और उसका उत्पीडऩ शुरु कर दिया। आये दिन उसके साथ मारपीट कर उसे यातनाये देने लगे। दो दिन पूर्व मेरी पत्नी विमला फर्रुखाबाद अस्पताल में भर्ती थी। जब मेरी बेटी रीना देखने आयी तो उसने रो-रोकर अपनी मां को बताया कि ससुरालीजन मुझे मार डालेंगे अगर उन्हें कार नहीं दी। तो उससे कहा कि हम ठीक हो जाये, उसके बाद तुम्हारे पिता से बात करके व्यवस्था करायेंगे। घटना की जानकारी गांव के राजू मिश्रा ने फोन पर बताया कि तुम्हारी पुत्री की हत्या कर दी है और शव जमीन पर पड़ा है। वैसे ही हम लोग पुत्री की ससुराल पहुंच गये। जहां देखा पुत्री का शव जमीन पर पड़ा था और गले में चोंटो के निशान थे। सूचना पर कार्यवाहक थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, हल्का के दरोगा प्रमोद के साथ पहुंचे और जांच पड़ताल की तथा उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इस दौरान मायके वालों ने पति व ससुर को पकडक़र पुलिस के हवाले कर दिया। अन्य परिजन मौका पाकर भाग गये। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किये। नायब तहसीलदार मनीष कुमार की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने उपरोक्त ससुरालीजनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना की जांच क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद को दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *