
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिले की एकमात्र रंगमंचीय संस्था नक्श थिएटर के कलाकारों ने बिजनौर के धामपुर में नाटक बीमार का मंचन कर धूम मचाई। नाटक को देखकर देर रात तक दर्शक हंस-हंस लोटपोट हुए। बीते दिन पूर्व संस्कृतिक मंत्रालय भारत सरकार द्वारा नाट्यदीप संस्था के 23वें महात्मा विदुर राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव समापन में जिले के कलाकारों ने अपनी अपनी प्रस्तुति देकर छाप छोड़ी। नाट्य महोत्सव की अंतिम संध्या में सआदत हसन मंटो के नाटक बीमार का मंचन अमित सक्सेना के निर्देशन में किया गया। नाटक बीमार एक ऐसे व्यक्ति पर लिखा हुआ है, जिसका नाम कुमार है और वो बीमार है और अपने एक नौकर माधव के साथ एक घर में रहता है। उसकी बीमारी में उसके कुछ मित्र, पड़ोसी और अनजान लोग उसके घर पर आते हैं उसकी बीमारी लिए अलग-अलग उपचार बताते हैं। जिससे कुमार और उसका नौकर बहुत परेशान हो जाते हैं और अंत में स्थिति इतनी ज्यादा खराब हो जाती है कि कुमार अब और नये इलाज को सुनने के लिए तैयार नहीं होता और अपने पड़ोसी को भगाता है और पागल होकर नाचने लगता है। नाटक में परिस्थिति के अनुसार और बार-बार लोगों के आने-जाने से जो हास्य रस पैदा होता है। उससे दर्शक हंस-हंस लोट पोट हो गये। नाटक बीमार में कलाकार शैली, धीरज, विशाल पाठक, विशाल सिंह, सत्य, रोहित, अंकित, दिलीप आदि ने अपने अभिनय से दर्शकों को देर रात खूब गुदगुदाया। नाटक में मेकअप एवं ड्रेस अमित सक्सेना, सेट धीरज व सत्या, लाइट व साउंड अमित सक्सेना किया गया। संस्कृति विभाग भारत द्वारा सरकार महात्मा विदुर राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव नाट्यदीप संस्था के चार दिवसीय सांस्कृतिक सेमिनार नाट्य महोत्सव में दिल्ली हरिद्वार, बरेली, फर्रुखाबाद और धामपुर की नाट्य संस्थाओं ने अलग-अलग नाटकों का मंचन किया। संस्था संरक्षक डॉ0 आदित्य अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, मंजीत सिंह सलूजा, संदीप कुमार, डॉ0 पुनीत नंदन, डॉ0 कुशाग्र सक्सेना, नमन जैन, डी0एस0 चौहान, उदयराज सिंह, सौरभ चौहान, नागेश्वर दयाल गहलौत, सरदार सतपाल सिंह चावला, राजवीर सिंह माथुर, मार्दव जैन, सचिन अग्रवाल, अनिल कश्यप मौजूद रहे|
