अनियंत्रित पिकअप तथा टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत में बीटीसी छात्र की मौत

शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। अनियंत्रित पिकअप तथा टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत में बीटीसी छात्र की मौत हो गयी। बताते चलें कि युवक बुखार से पीडि़त चल रहा था और दवा लेने कायमगंज जा रहा था। घटना के बाद मौके पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची ुपुलिस ने वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया। वहीं घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक वाहन सहित फरार हो गये। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार फैजबाग शमसाबाद मार्ग पर शमसाबाद थाना क्षेत्र की ग्राम मुरहठी जहां एक गन्ना क्रेशर के निकट एक टेंपो तथा अज्ञात पिकअप लोडर की उस समय भिड़ंत हो गई जब दोनों वाहन आमने सामने गुजर रहे थे। शनिवार की सुबह 11 बजे के करीब एक अज्ञात टेंपो जो आधा दर्जन सवारियों को लेकर शमसाबाद से कायमगंज जा रहा था ग्राम मुरहठी के निकट स्थित गन्ना क्रेशर जहां दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिडं़त हो गई। बताया गया है लोडर चालक ने लापरवाही से चलाकर जोरदार टक्कर मार दी जिससे टेंपो चालक के निकट बैठा 24 वर्षीय राहुल पुत्र कुंवर सिंह निवासी ललहट थाना जैथरा जनपद एटा दुर्घटना के बाद दूर जा गिरा। उसी दौरान भाग रही पिकअप युवक के सिर से गुजर गई। जिससे युवक बुरी तरह से तड़पने लगा। कुछ समय बाद उसकी दर्दनाक मौत हो गई तथा आधा दर्जन सवार घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। भीड़ में कुछ लोगों ने शमशाबाद पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कस्बा पुलिस ने बीच सड़क पर पड़े मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामे की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ भिजवा दिया। मृतक राहुल की ससुराल शमसाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला अलेपुर निवासी रामदास जाटव के यहां है। मृतक कुछ समय से अपनी ससुराल में रह रहा था और कुछ दिनों से बुखार से पीडि़त था। उसका उपचार कायमगंज से चल रहा था। शनिवार को वह टेंपो से दवा लेने कायमगंज जा रहा था। मृतक बीटीसी फाइनल ईयर का छात्र था। टेंपो सवार युवक हरिश्चंद्र निवासी जुनैद थाना अलीगंज जनपद एटा ने बताया टेंपो में लगभग आधा दर्जन यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी। सूचना शमशाबाद पुलिस को दी गई। कस्बा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की तथा शव को सड़क से हटवाया तथा घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद भिजवाया गया। चौकी प्रभारी फैजबाग ने बताया दुर्घटना की सूचना दी गई थी। पुलिस को मौके पर भेजा गया। उन्होंने यह भी बताया शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ भेज दिया गया। उन्होंने बताया मृतक परिवार की ओर से तहरीर दी गई। दुर्घटना का मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। बताते हैं मृतक के एक तीन महीने की बच्ची है। पति की मौत की सूचना के बाद पत्नी का शव पर रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *