रिमझिम बरसात के बीच निकली राम बारात क्रासर भक्तों ने जगह-जगह आरती उतारकर किया स्वागत

कंपिल, समृद्धि न्यूज। श्री धार्मिक रामलीला मेला कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की बारात नगर में धूमधाम से निकाली गई।रामबारात के दौरान भगवान की विभिन्न झांकियों ने लोगों का मनमोह लिया। डीजे के धुन पर भक्त खूब नाचते गाते रहे। श्रीराम बारात को नगर के उद्योगपति पुखराज डागा, कमेटी अध्यक्ष अशोक पांडेय ने सदस्यों के साथ तिलक कर रवाना किया। बारात में सबसे आगे बैंड बाजे वाले मधुर ध्वनि बिखेरते हुए चल रहे थे। बारात के साथ भगवान गणेशए शिव पार्वतीए भगवान ब्रह्मा, माता दुर्गा और राधा कृष्ण समेत देवी देवताओं की झाकियां चल रहीं थीं। बारात में सबसे पीछे आकर्षक ढंग से सजे विशाल रथ पर श्रीराम अनुज लक्ष्मण के साथ विराजमान थे और सैकड़ों बाराती आगे-आगे नाचते-गाते बारात में शामिल हुए। जनकपुर में बारात का स्वागत भव्य तरीके से किया गया है। साथ ही सीता स्वयंवर, लक्ष्मण, परशुराम संवाद, राम-जानकी विवाह, राम बारात व जानकी विदाई का इतना सजीव चित्रण प्रस्तुत किया कि दर्शकों की आंखें नम हो गईं। राम विवाह के लिए आकर्षक मंच बनाया गया। बारात जिधर से गुजरी उधर देखने वालों की भीड़ बढ़ती गई। जगह-जगह बारात के स्वागत के लिए तोरण द्वार बनाए गए। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया। बारात शाम सात बजे रामलीला मेला स्थल से शुरू हुई। हल्की बरसात में भी बारात नगर के सभी मोहल्ले व मंदिरों से होती हुई पुन: रात्रि करीब एक बजे मेला स्थल पर जाकर संपन्न हो गई। बारात की व्यवस्था में रामलीला कमेटी के सभी सम्मानित पदाधिकारी अमित सक्सेना, राजू बाथम, सौरभ मिश्रा, कुलदीप सैनी, सचिन पांडेय, ओम शक्ति सैनी ने सहयोग किया। उधर सुरक्षा की दृष्टि से एसओ अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *