
रोजगार सेवक पर लटकी सेवा समाप्ति की तलवार फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मुख्य विकास अधिकारी ने पूर्वान्ह 10:30 बजे ग्राम पंचायत अलीगढ़ मोहद्दीन नगर में गाटा नम्बर 140 मोहद्दीनपुर सम्पर्क मार्ग से शकील खान के खेत तक मिट्टी कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरा पाया गया कि ग्राम रोजगार सेवक के द्वारा एनएमएमएस एप के माध्यम से 28 श्रमिकों की उपस्थिति भरी गयी है तथा एप से पुरानी फोटो खींच कर अपलोड करके कार्य चलता हुआ दिखाया गया। कार्य को देखने से प्रतीत हो रहा है कि कई दिन से चकमार्ग पर कार्य नहीं कराया गया है। कार्य की पत्रावली मांगने पर उपस्थित ग्राम रोजगार सेवक व अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी द्वारा बताया गया कि मौके पर कार्य की पत्रावली नहीं है। उपायुक्त श्रम रोजगार को उक्त कार्य को श्रमदान घोषित कराकर उक्त कार्य पर भुगतान की गई धनराशि की नियमानुसार वसूली करायें तथा सम्बन्धित ग्राम रोजगार सेवक की नियमानुसार सेवा समाप्ति की कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त सम्बन्धित के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही कराने के निर्देश दिए गए। वहीं दूसर ओर ग्राम पंचायत वलीपट्टी रानीगांव में गाटा संख्या 89 से गाटा संख्या 57 तक चकमार्ग पर मिट्टी कार्य का निरीक्षण करने पर यहाँ भी मौके पर कार्य चलता हुआ नहीं पाया गया। निरीक्षण के समय उपस्थित ग्राम प्रधान द्वारा बताया गया कि प्रात: 06:00 बजे श्रमिक कार्य करना प्रारम्भ करते हैं तथा प्रात: 10 बजे तक कार्य करके चले जाते हैं। निरीक्षण में पाया गया कि दिनांक 18.10.2023 को चकमार्ग पर कार्य होना प्रतीत हो रहा है। चकमार्ग का निर्माण गंगा नदी के किनारे पर कराया जा रहा है। जहां की मिट्टी रेतीली है। गंगा के किनारे पर रेतीली मिट्टी (बालू) पर चकमार्ग का कार्य किस उद्देश्य से कराया जा रहा है तथा जिस स्थान पर चकमार्ग निर्माण कराया जा रहा है क्या उसकी अनुमति राजस्व विभाग से ली गई है। इसके सम्बन्ध में खण्ड विकास अधिकारी राजेपुर एवं अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी राजेपुर द्वारा कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दे सके। उपायुक्त श्रम रोजगार को निर्देशित किया गया कि उक्त चकमार्ग पर कार्य नियमानुसार कराया जा रहा है यह सुनिश्चित कर लें। ———————
