कमालगंज, समृद्धि न्यूज। घर के दरवाजे पर अवरोध लगाकर बंद करने से मना करने पर न्यायालय के आदेश पर तीन महिलाओं सहित चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नगरिया देवधरापुर निवासी बृजेश शर्मा पुत्र राजाराम ने न्यायालय में दिये गये प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पड़ोस के ही जगदीश पुत्र रूप लाल एवं उसकी पत्नी सरला देवी, पुत्री रुबी, डिंपल निवासीगण नगरिया देवधरापुर काफी झगड़ालू प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। जगदीश अपनी छत पर खड़े होकर प्रार्थी के दरवाजे पर पेशाब करता है। जब प्रार्थी मना करता है, तो उपरोक्त लोग भद्दी-भद्दी गालियां देते हैं। दिनांक 24 अगस्त २०२३ को शाम 5.30 बजे प्रार्थी के गांव में पाइप लाइन पड़ रही थी। उसी को लेकर कुछ ईंटों के टुकड़े गली के किनारे पड़े थे। उक्त लोगों द्वारा उन टुकड़ों को प्रार्थी के दरवाजे पर डाल दिया गया है। जिससे प्रार्थी का दरवाजा अवरुद्ध हो गया है। जब प्रार्थी द्वारा उक्त लोगों से कहा गया, तो इसी बात को लेकर उक्त लोगों द्वारा गाली-गलौज किया गया। विरोध करने पर जगदीश जिसके हाथ में फावड़ा था जान से मारने की नियत से प्रार्थी के ऊपर वार किया गया। जिससे प्रार्थी हट गया। जबकि उसके पुत्र विमल आ गया। उसके सिर में फावड़ा लगने से वह बेहोश होकर गिर पड़ा। सभी लोगों ने प्रार्थी व उसके पुत्र को लाठी-डंडों से मारापीटा। प्रार्थी ने थाने में तहरीर दी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। तब प्रार्थी ने न्यायालय की शरण ली।
