पिता की तहरीर पर युवक गिरफ्तार, गन ली कब्जे में
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। गंधक पोटाश गन से घायल साइकिल मिस्त्री के पुत्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना से त्योहार की खुशियां मातम में बदल गयी। मृतक के पिता ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर गंधक पोटाश गन से पुत्र पर हमला करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवक को हिरासत में ले लिया है।जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पपड़ी निवासी 17 वर्षीय अरुण पुत्र सरबन शाक्य पड़ोसी युवकों के साथ आतिशबाजी चला रहा था। मृतक के पिता सरबन शाक्य ने बताया कि बेटे का पड़ोस में रहने युवक से विवाद हो गया था। जिस पर पड़ोसी युवक ने गंधक पोटाश गन मेरे पुत्र अरुण के ऊपर चला दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर हम सभी परिजन भागकर मौके पर पहुंचे तो देखा कि वह खून से लथपथ था। उपचार के लिए कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां हालत बिगडऩे पर चिकित्सक ने राममनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता सरबन की तहरीर पर पुलिस ने अवैध गंधक-पोटाश गन कब्जे ले लिया और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक दो बहनों में अकेला भाई था। वह कक्षा ९ का छात्र था। बताते चले कि गंधक पोटाश गन का इस्तेमाल ग्रामीण क्षेत्र में खेतों की रखवाली करने के लिए प्रयोग किया जाता है। इसमें जितना अधिक गंधक पोटाश भरेंगे उतनी अधिक आवाज होती है। जिससे खेतों में घुसने वाले जानवर पक्षी भाग जाते है।
दोस्त ने चलायी गंधक पोटाश गन, युवक की मौत
