सेवाव्रत दिवस: एक दूजे के हुए ८४ जोड़े, वरमाला में सार्थक हो उठा सीता स्वयंवर

कन्यादान से बड़ा कोई दान नहीं: मनोज अग्रवाल
८२ विवाह व दो निकाह की अदा की गई रस्म, दंपतियों को दिये गये उपहार
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। समाजसेवी स्व0 विशनस्वरुप अग्रवाल की स्मृति में आयोजित होने वाले १६वें सेवाव्रत दिवस के मौके पर पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल ने कहा कि प्रभु की असीम कृपा है, जो यह कन्यायें मुझे कन्यादान करने का मौका दे रही हैं। कन्यादान से बड़ा कोई दान नहीं होता। यह शुभ अवसर हम लोगों को प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि जब तक मैं जीवित हूं तब तक सामूहिक विवाह कराये जाते रहेंगे। इससे पूर्व गणेश पूजन व दीप प्रज्वलित करके मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी सुभाष प्रजापति व सिखलाई रेजिमेंट के ब्रिगेडियर, आयोजक पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल, चेयरमैन वत्सला अग्रवाल ने गणेश पूजन व दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। सुबह से ही शहर में समारोह जैसा माहौल उस समय पैदा हो गया जब पहली किरण के साथ जब लोग उठे तो मोहल्ले-मोहल्ले, दरवाजे-दरवाजे चूना पड़ा मिला। उधर शाम होते-होते शहर भर से बैंडबाजों की धुनें गुंजायमान होने लगीं, बारातें आयीं। बढ़पुर स्थित एक गेस्ट हाउस के विशाल प्रांगण में सजे मंडपों में विवाह की तैयारियां चलती रहीं। उधर दुल्हनों को सजाये जाने का क्रम बराबर चलता रहा। वहीं जिस समय सामूहिक जयमाल कार्यक्रम हुआ, उस समय सतरंगी वातावरण पैदा हो गया और राम विवाह जैसा दृश्य सार्थक हो गया। एक साथ ८४ दंपत्तियों ने एक-दूसरे के गले में माला डालकर जनम-जनम का साथ निभाने का संकल्प लिया। वहीं दो निकाह भी हुए। जिसमें मौलाना ने निकाह कबूल कराया। दंपत्तियों को रोजमर्रा की वस्तुओं के उपयोग के साथ ही नथुनी भी दी गई। पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल व चेयरमैन वत्सला अग्रवाल ने मंडप-मंडप जाकर विधि विधान पूर्व कन्यादान किया। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, युनुस अंसारी, राकेश श्रीवास्तव, बसपा नेता राम नरेश गौतम आदि मौजूद रहे। वहीं मृदुल, संजय गुप्ता, अवधेश गुप्ता, सचिन गुप्ता, कन्हैया सक्सेना, मधु अग्रवाल, गौरांग अग्रवाल आदि ने कार्यक्रम की व्यवस्था देखी। वहीं समाचार लिखे जाने तक ३९ नंबर जोड़ा मंच पर अनुपस्थित था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *