चोरों का खाकी के मुंह पर तमाचा, पांच घरों से उड़ाये नकदी व जेवरात

ताबड़तोड़ चोरी की घटनाओं से दहशत में लोग, सभी ने पुलिस को दी तहरीर
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। चोरों ने बीती रात पांच घरों को निशाना बनाकर लाखों की नकदी व जेवरात पार कर दिये। ताबड़तोड़ चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल देखा गया। पीडि़तों ने पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम भटपुरा निवासी अखिलेश कुमार जाटव पुत्र स्व0 घारम सिंह पूर्व सैनिक के घर के मुख्य गेट का ताला तोडक़र अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताया गया है अखिलेश के परिजन खाने पीने के बाद अपने-अपने कमरों में सोए हुए थे। रात्रि के किसी पर पहर अज्ञात चोर मुख्य गेट का ताला तोडक़र अंदर दाखिल हो गए। कमरों के ताले तोडक़र चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी की घटना की जानकारी परिजनों को उस वक्त हुई जब सुबह के वक्त महिलाओं ने साफ सफाई के दौरान मुख्य गेट खुला देखा, तो उन्हें चोरी की होने की जानकारी हुई। गृह स्वामी के अनुसार चोर दो सिलेंडर, बक्सा तोडक़र सोने की चेन, सोने के टॉप्स, सोने की अंगूठी, सोने के झाले, महिलाओं को मुंह दिखाई में मिले सोने-चांदी के आभूषण, चांदी की पायल, तोडिय़ां बिछिया तथा कपड़े, पीतल के बर्तन भी चुरा ले गए। पीडि़त के अनुसार चोरी की इस घटना में लगभग दो लाख का नुकसान हुआ है। इसी गांव के निवासी भूरे पुत्र ग्रीश के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। चोर मकान के मुख्य गेट का ताला तोडक़र अंदर कमरे में दाखिल हो गये। चोरों ने कमरों में रखे बक्सों को तोड़ा। जिसमें पुराने कपड़े थे जिन्हें चोर वहीं छोडक़र चले गए।तीसरी जगह संजू पाल पुत्र नरवीर सिंह के मकान के भी मुख्य गेट का ताला तोडक़र अज्ञात चोरी ने चोरी की घटना को अंजाम। चोर यहां से सोने का सुई धागा, चांदी की पायल, बच्चों का सोने का ओम, सोने का खड़ुआ, कपड़े, बर्तन आदि लेकर फरार हो गए। संजू के अनुसार चोरी की घटना में लगभग पचास हजार का नुकसान हुआ है। चौथी घटना शमसाबाद नगर क्षेत्र के मोहल्ला मझली हवेली निवासी अनीस पुत्र वकील के घर पर घटी। बताते हैं कि अनीश की पत्नी चांदनी बीमार थी। वह बीती रात पत्नी को दवा दिलाने शमशाबाद गया था। दवा लेने के बाद पीडि़त रिश्तेदारी मोहल्ला गोदाम चला गया था। घर में ताला लगा था। जिसका लाभ उठाते हुए अज्ञात चोर मुख्य गेट का ताला तोडक़र अंदर दाखिल हो गये और कमरों के अंदर रखे बक्से, अलमारी को तोडक़र चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब सुबह के समय मोहल्ले का ही एक युवक मजदूरी करने के लिए अनीश को उसके घर बुलाने पहुंचा, क्योंकि अनीश भी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। जब उसने घर का दरवाजा खुला और अंदर सामान बिखरा देखा तो उसके होश उड़ गए। उसने घटना की जानकारी मोहल्ले वालों के साथ ही पीडि़त अनीश को जाकर दी। जिस पर अनीश मौके पर पहुंचा। चोर 15000 रुपए की नगदी, सोने चांदी के आभूषणों में एक जोड़ी सोने के झाले, सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल तथा कपड़े व अन्य सामान चोरी कर लिया। पीडि़त के अनुसार चोरी की इस घटना में उसे 2 लाख से भी ज्यादा का नुकसान हुआ। पांचवीं घटना में इसी मोहल्ले के निवासी चांद मंसूरी पुत्र शान मोहम्मद के घर भी अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मुख्य गेट का ताला तोडक़र अंदर दाखिल हुए। फिर बक्से तथा अलमारी आदि को तोडक़र चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीडि़त के अनुसार घर में रखी 1 लाख 6000 की नगदी, सोने की झुमकी, दो जोड़ी चांदी के पायलें तथा अन्य सामान चोरी कर दिया। शमशाबाद क्षेत्र में लगातार बड़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर जहां एक ओर मोहल्ले में दहशत का माहौल देखा गया, वहीं दूसरी ओर लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से पुलिस प्रशासन के मुंह पर तमाचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *