आर्मी पब्लिक स्कूल और सेना की टीए (जाट) बटालियन ने किया वृक्षारोपण

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। 76वें सेना दिवस के उपलक्ष्य में प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 114 इन्फेंट्री बटालियन (टी ए) जाट के कर्मियों तथा आर्मी पब्लिक स्कूल के शिक्षकों और विद्यार्थियों के द्वारा संयुक्त रूप से विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान 212 पौधे लगाये गये। टीए (जाट) बटालियन के कमाण्डिंग आफीसर कर्नल मुकुन्द गुरुराज ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आज के भौतिक युग में हम सभी पकृति का शोषण करते जा रहे हैं। निरन्तर पेड़ों के काटे जाने के कारण पर्यावरण के लिये खतरा उत्पन्न हो गया है। वनों के निरन्तर क्षरण के कारण उत्पन्न प्राकृतिक असंतुलन मानव जीवन के लिए बहुत बड़ा संकट बनता जा रहा है। बढ़ते हुए पर्यावरण प्रदूषण के कारण मानव जीवन का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। हम सभी के द्वारा किया गया यह छोटा सा प्रयास एक स्वस्थ और टिकाऊ वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण अन्तर ला सकता है। आज पूरा देश पर्यावरण प्रदूषण की समस्या से जूझ रहा है। अगर हमें अपने जीवन को स्वस्थ और सुरक्षित रखना है तो हमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना पड़ेगा। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य कुमार, विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्या अवकाश प्राप्त मेजर नीताशा हेब्बर सहित प्रादेशिक सेना के कई सैनिक तथा विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *