
संविधान दिवस पर छात्र-छात्राओं को दिलायी गई शपथ
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मान्यवर कांशीराम राजकीय महाविद्यालय निनौआ की प्राचार्य डॉ0 शालिनी के संरक्षण में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा संविधान दिवस को राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 सुन्दर लाल द्वारा किया गया। प्राचार्या डा0 शालिनी ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। प्राचार्या डा0 शालिनी ने छात्र/छात्राओं और सभी स्वयंसेवकों को अवगत कराते हुए कहा कि 26 नवंबर 1949 का दिन स्वतंत्र भारत के इतिहास का बड़ा ऐतिहासिक दिन था। इसी दिन संविधान बनकर पूरा हुआ और उसे अपनाया गया। इसी दिन की स्मृति में हर साल 26 नवम्बर को संविधान दिवस मनाया जाता है। 26 नवंबर 1949 को ही देश की संविधान सभा ने वर्तमान संविधान को विधिवत रूप से अपनाया था। उन्होंने कहा कि हम सबको अपने देश के संविधान के प्रति समर्पित रहना चाहिए। हमारा संविधान देश के प्रत्येक व्यक्ति को जहां अधिकार प्रदान करता है, वहीं दूसरी ओर समाज को कर्तव्य की डोरी से बांधता भी है। अत: सभी को संविधान में निहित कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। डॉ0 सुन्दर लाल ने सभी को संविधान की शपथ दिलाई तथा उद्देशिका में वर्णित एक एक शब्द की व्याख्या की। उन्होंने संविधान का महत्त्व बताते हुए कहा कि हमारे संविधान में ही राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता निहित है। अत: सभी को राष्ट्र प्रेम एवं सद्भाव से समाज की सेवा करनी चाहिए। हमारा संविधान बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के आदर्श समाज की परिकल्पना है, जोकि समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की भावना पर आधारित है। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र वंश, शौर्य, अमित जाटव, प्रांशु कटियार, राजेश कटियार, सुरेश कटियार आदि उपस्थित रहे।
