
एसपी ने बताया कि इनकी बाजारु कीमत करीब १० करोड़ रुपये है
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पुलिस प्रशासन ने माफिया अनुपम दुबे की सोमवार को पुन: अवैध तरीके से अर्जित की गयी सम्पत्ति की कुर्की की कार्यवाही की। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार काफी पुलिस फोर्स तथा तहसीलदार श्रद्धा पाण्डेय के साथ कोतवाली माफिया अनुपम दुबे के फतेहगढ़ स्थित आवास मोहल्ला दाल मंडी पहुंचे। पुलिस ने उपरोक्त मकान के अलावा अनुपम दुबे के पांच प्लाट व निसाई स्थित खेत की कुर्की की कार्रवाई की।पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि माफिया अनुपम दुबे के विरुद्ध 63 मुकदमे गंभीर धाराओं में दर्ज हैं। उसने 90 के दशक से अपराधिक घटनाओं से बड़ी संपत्ति अर्जित की। इससे पूर्व पुलिस माफिया अनुपम दुबे की 113 करोड़ की संपत्ति की कुर्की कर चुकी है। एसपी ने बताया कि आज अनुपम दुबे का एक मकान एवं पांच प्लाट कुर्क किए गए हैं। जिनकी बाजारु कीमत करीब 10 करोड़ है। अभी तक अनुपम दुबे की करीब 50 संपत्तियां कुर्क की जा चुकी है और बेनामी संपत्तियों को खंगाला जा रहा है। एसपी ने बताया की जो भी अपराधी अपराध करके अवैैध संपत्ति अर्जित करेगा उसकी अवैध संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त कर ली जाएगी। बताते चलें कि माफिया अनुपम दुबे इस समय आगरा की जेल में निरुद्ध हैं।
