ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के ग्राम कुइयांधीर निवासी राजकुमार का गॉव से कुछ दूरी पर गन्ने का खेत है। खेत के ऊपर हाईटेंशन विद्युत लाइन निकली है। बुधवार की सुबह अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत में गिर गया। जिससे गन्ने की खड़ी फसल में आग लग गई। अचानक गन्ने की फसल को जब ग्रामीणों ने जलते हुए देखा, तो हडक़ंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर खेत स्वामी मौके पर पहुंचा तथा आगजनी की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दी। साथ ही सम्बन्धित विद्युत उपकेंद्र को अवगत कराकर विद्युत आपूर्ति ठप्प कराई। ग्रामीणों ने समर आदि चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद आगजनी की घटना पर काबू पाया। इस आगजनी की घटना में हजारों रुपये का नुकसान होना बताया गया है। पीडि़त परिवार ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुआवजा दिलाए जाने मांग की। बिजली विभाग के जेई जुनैद आलम ने बताया टूटे हुए तार को जुड़वाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करा दी गई।
