
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मतदाता जागरूकता पंजीकरण अभियान हेतु कार्यशाला का आयोजन नारायण आर्य कन्या महाविद्यालय में सम्पन्न हुआ। स्वीप प्रभारी डा0 पारुल मिश्रा के नेतृत्व में महाविद्यालय की प्राचार्य के निर्देशन में प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। स्वीप कोऑर्डिनेटर सुधीर कुशवाहा और स्काउट मास्टर वैभव सोमवंशी ने छात्राओं का प्रतियोगिता में हौसला बढ़ाया। एनसीसी की छात्राओं द्वारा पारुल मिश्रा के निर्देशन में मतदाता जागरूकता पंजीकरण अभियान संबंधी पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया तथा नवाचार के रूप में छात्राओं ने पतंग पर मतदाता जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखे। जिसमें आगामी लोकसभा निर्वाचन 2024 में होने वाले चुनाव में मतदाताओं को अधिक से अधिक वोट डालने हेतु प्रेरित करने संबंधी संदेश छात्राओं द्वारा दिए गए। इसी के साथ राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों को स्वीप कॉर्डिनेटर द्वारा अवगत कराया गया। इस वर्ष 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस को भव्यता के साथ मनाते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सम्मानित कराया जाएगा।
