अहिमलापुर व चौसेपुर में महिलाओं की गोदभराई व बच्चों का हुआ अन्नप्राशन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शनिवार को भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कमालगंज ब्लाक के ग्राम अहिमलापुर एवं चौसेपुर में विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा कार्यक्रम आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने संबोधित किया एवं गर्भवती महिलाओं की गोद भराई व नवजात शिशु का अन्नप्राशन किया गया।
शिव महेश दुबे ने कहा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाह्न पर हर शहर व गांव में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम चलाया जा रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का है, जब गांव गरीब किसान और नौजवान का विकास होगा, तभी भारत विकसित होगा। केंद्र सरकार ने हर गांव और शहरों में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित पत्रों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया है। जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति सरकारी योजना से वंचित न रह जाए, इसलिए सरकार जनता के द्वार पर पहुंच रही है। पिछली सरकारों के भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की नीति से जनता त्रस्त हो चुकी थी। उसने 2014 में एक गरीब परिवार में जन्मे नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शपथ लेने के बाद देश से गरीबी को खत्म करने का संकल्प लिया।

विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा लंबे समय तक जिस पार्टी ने इस देश का नेतृत्व किया। उसने गरीबों की सुध नहीं ली। पिछली सपा और बसपा की सरकारों में कानून व्यवस्था बदहाल थी। केंद्र व प्रदेश में बीजेपी सरकार बनने के बाद भाजपा सरकार ने हर मोर्चे पर कार्य किया। प्रदेश की कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त हुई। आज किसी भी गरीब को सताने वाला गुंडा और माफिया खुलेआम सडक़ों पर घूमता दिखाई नहीं देगा। जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने कहा विकसित भारत संकल्प यात्रा में उमड़ रही महिलाओं एवं गरीबों की भीड़ विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत कर रही है। भारत को विकसित करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है, उनके संकल्प को चरितार्थ करने के लिए गांव गरीब किसान नौजवान महिला एवं दलित का विकास होना आवश्यक है। संचालन अरविंद कटियार ने किया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए। इस अवसर पर डीएस राठौर, नायब तहसीलदार हर्षित सिंह, बीडीओ श्रीप्रकाश उपाध्याय, जिला पूर्ति निरीक्षक शरद दुबे, पंकज गुप्ता, शिवांग रस्तोगी, कृष्ण मुरारी राजपूत आदि लोग मौजूद रहे।
