शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सिरपारपुर निवासी बृज किशोर उर्फ रोशन लाल पुत्र राम लड़ेते ने पड़ोसी नीलेश कुमार, रितेश कुमार उर्फ छोटू पुत्रगण हरिओम तथा महिला राम चहेती पत्नी हरिओम निवासीगण उपरोक्त के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर देकर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा दिनांक 27 जनवरी की शाम 4 बजे के करीब बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। आरोपियों द्वारा पूर्व रंजिश के चलते गाली-गलौज किया गया। विरोध करने पर मारपीट की गई। बीच बचाव के दौरान पुत्री शिवांगी को आरोपियों द्वारा लाठी-डंडों से पीटा गया। आरोपियों की पिटाई से पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख पुकार सुनकर जब तक आसपास मुहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे तब तक आरोपी जानमाल की धमकी देकर फरार हो गए। पीडि़त पिता के अनुसार घायल पुत्री को उपचार के लिए सीएचसी शमशाबाद लाया गया। जहां चिकित्सकों ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में पीडि़त महिला ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। वहीं शमशाबाद थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
