आधा दर्जन स्कूली वाहनों का चालान, 1.5 लाख का ठोंका गया जुर्माना

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। स्कूली जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह के निर्देशन में एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने नगर क्षेत्र में स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग की। जिसमें छह वाहनों का चालान करते हुए दो वाहनों को थाना राजेपुर में सीज कर दिया गया तथा इन वाहनों पर 1.5 लाख रुपए का जुर्माना ठोंका गया।

जानकारी के अनुसार नगर में संचालित प्राइवेट स्कूलों में बगैर व्यवसायिक पंजीकरण कराये वाहन संचालित हैं। वाहनों की फिटनेस भी समाप्त थी। स्कूली वाहनों की चेकिंग में विशेष रूप से एलपीजी अथवा सीएनजी किट द्वारा संचालित वाहनों की चेकिंग की गई, ताकि बच्चों की सुरक्षा को कोई खतरा न हो। चेकिंग में कोई भी स्कूली वाहन सीएनजी अथवा एलपीजी किट से संचालित नहीं पाया गया। पकड़े गए स्कूली वाहनों में दो मारुति वैन भी सम्मिलित हैं। जिनके द्वारा व्यावसायिक पंजीकरण कराए बिना स्कूली छात्र ले जाये जा रहे थे तथा उनकी फिटनेस भी समाप्त थी। इसके अतिरिक्त एआरटीओ द्वारा अन्य आठ वाहनों का चालान करते हुए रुपया 1.75 लाख का अर्थदंड भी लगाया गया। एआरटीओ ने बताया कि ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी जिनके कागजात कम्पलीट नहीं हैं और स्कूली वाहन नियम का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चेकिंग अभियान अभी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *