जमील खान
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते ग्राम सभा का स्वास्थ्य केंद्र बदहाल हो गया है। जिम्मेदारों का इस ओर कोई ध्यान नहीं जा रहा है। ग्रामीण इसमें अपने दैनिक उपयोग की चीजें डालने का काम कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत जिराऊ के नगला भूड़ में बना प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र जर्जर व बदहाल हो चुका है। जिससे ग्रामीणों को कोई सुविधा नहीं मिल पा रही है। स्वास्थ्य कर्मी और उनके कर्मचारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिससे यह कई वर्षों से बंद पड़ा है। ग्रामीण इसका उपयोग मवेशी बांधने तथा कई प्रकार की कृषि से संबंधित वस्तुयें रखने में उपयोग कर रहे हैं। इस बावत जब संवाददाता ने ग्रामीणों से जानकारी की, तो उन्होंने बताया कि यह कई वर्षों से बंद पड़ा है। इसका कोई लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है। बताते चलें कि जब यह बना था, तब क्षेत्रीय जनता को उम्मीद थी कि शायद इसके बन जाने से यहां की जनता को स्वास्थ्य सुविधायें मिलेंगी, लेकिन देखरेख व रखरखाव के अभाव में यह बंद हो गया है।

