पुलिस भर्ती परीक्षा: जनपद के 35 केंद्रों पर कुल 28004 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा

7276 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित, 35280 युवक युवतियों ने परीक्षा में किया था आवेदन
दो पालियों में हुई परीक्षा, पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी ने कई केंद्रों का किया निरीक्षण
परीक्षार्थियों की हुई बायोमेट्रिक चेकिंग, परीक्षा केंद्रों पर लगाये गये थे सीसीटीवी कैमरे

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से तीसरी आंख की निगरानी में सम्पन्न हुई। इस दौरान परीक्षार्थियों की सघन तलाशी लेने के बाद ही कक्ष में प्रवेश करने दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने भी कई केंद्रों पर जाकर परीक्षा का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार जनपद में पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए करीब 35 केंद्र बनाये गये। जिसमें मुख्य रुप से बद्री विशाल डिग्री कॉलेज, गायत्री इंटरनेशनल स्कूल, क्रिश्चियन इंटर कालेज, माडर्न पब्लिक स्कूल, दुर्गा नारायण डिग्री कालेज, जीआईसी बालक फतेहगढ़, जीआईसी बालिका फतेहगढ़, एनएकेपी डिग्री कालेज समेत 35 केंद्र शामिल हैं। परीक्षा में कुल 17640 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था। जिसमें 14071 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 3569 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 17640 में 13933 परीक्षार्थियों ने भाग लिया, जबकि 3707 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

हालांकि परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने पहले ही बैठक लेकर आदेश दिये थे। जिसके चलते परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक चेकिंग करने के बाद ही परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश दिया गया। परीक्षार्थियों को परीक्षा से संबंधित सामग्री के अलावा अन्य किसी भी तरह की वस्तु को ले जाने की अनुमति नहीं दी गयी। परीक्षा केन्द्रों पर इंटरनेट सेवा बाधित रहे इसके लिए जैमर लगाए गए हैं। साथ ही सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये, ताकि परीक्षा के दौरान कोई गड़बड़ी न हो सके। सेक्टर मजिस्ट्रेट व क्षेत्राधिकारी समेत एसएचओ अपने-अपने क्षेत्र के केन्द्रों पर लगातार भ्रमणशील रहे। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने भी परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि परीक्षा दो पालियों में सम्पन्न हुई। पहली पाली 10 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली 3 बजे से 5 बजे तक रही। उन्होंने बताया कि परीक्षायें शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। किसी भी केंद्र से कोई गड़बड़ी का समाचार नहीं मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *