फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। नेहरू युवा केंद्र द्वारा सभी ब्लॉकों में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत ब्लॉक शमशाबाद की ग्राम पंचायत तुर्कीपुर में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न ग्रामों की टीमों ने प्रतिभाग किया। जिसमें रस्साकसी, वॉलीबॉल, खो-खो, रिले रेस और कबड्डी आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें ग्राम पंचायत तुर्कीपुर की टीम वॉलीबॉल के क्षेत्र में विजेता रही।

वहीं कबड्डी में चौरसिया मझोला की टीम विजेता रही। इस आयोजन में खेल के साथ-साथ मतदाता जागरूकता का भी आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित नागरिकों को मतदान के प्रति शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य कुलदीप पाल, डॉ0 राजेश बाबू दुबे और मोहम्मद बिलाल, सोल्जर मो0 सुजात, सोल्जर विमल पाल रिटायर्ड आर्मी, मोहम्मद कमर क्षेत्र पंचायत सदस्य आदि उपस्थित रहे। विजेता टीम के कप्तान अरमान को कुलदीप पाल ने सम्मानित किया। वहीं कबड्डी के विजेता टीम के कप्तान पियूष शाक्य को समाज सेवी डॉ0 राजेश बाबू दुबे सम्मानित किया। कार्यक्रम में हिमांशु यादव, मंगल यादव, अवनीश पाल, अरबाज मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नेहरु युवा केंद्र के ब्लॉक वालंटियर त्रिलोकीनाथ ने किया।
