मछली पकडऩे गया था, काफी समय से रिश्तेदार के यहां रह रहा था मृतक
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। बीते करीब पांच दिन पूर्व सोता नाला में मछली पकडऩे गया अधेड़ सोता नाला में डूब गया था। जिसकी काफी खोजबीन की गयी थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला था। गुरुवार को पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसकी लाश की बरामद कर लिया। शव बाहर निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार बुलाकी राम पुत्र कालिका निवासी बिनसर विलन थाना पचदेवरा जनपद हरदोई का निवासी था। जो की काफी समय से अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परतापुर कला में अपने रिश्तेदार विश्राम सिंह पुत्र हरिराम के यहां रह रहा था और मछली पकडऩे का काम करता था। 17 फरवरी को अधेड़ बुलाकी राम अचानक कहीं गायब हो गया। जिसकी सूचना भैया पुत्र कालिका ने अमृतपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर अमृतपुर थाना अध्यक्ष मीनेश पचौरी पुलिस फोर्स के साथ पूरे क्षेत्र में अधेड़ की तलाश में जुट गई, तभी उन्हें परतापुर कला के पास सोता नाला के किनारे अधेड़ के कपड़े रखे मिले। पुलिस को आशंका हुई कि अधेड़ मछली पकड़ते समय सोता नाला में डूब गया है, तभी पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन कराई गई। काफी प्रयासों के बाद भी अधेड़ का पता नहीं चला। गुरुवार को पुलिस के अथक प्रयास और गोताखोरों की मेहनत से अधेड़ बुलाकी राम की लाश को पुलिस ने सोता नाला से बरामद कर लिया। पुलिस द्वारा अधेड़ के शव का पंचायत नामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष मीनेश पचौरी ने बताया है अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
