चोरों ने ताले तोडक़र नगदी सहित लाखों के सोने-चांदी के आभूषण किये पार

पुलिस ने पहुंचकर की जांच पड़ताल, ग्रामीण बोले रात्रि में गस्त नहीं करती पुलिस
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज।
बीती रात्रि पड़ोस में खाली पड़े मकान के सहारे चोर घर में घुसे तथा कमरे के ताले तोडक़र कमरे के अंदर रखी नगदी तथा लाखों रुपए के सोने चांदी की जेवरात चोरी कर लिये। पीडि़त ने घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

शमसाबाद नगर के मोहल्ला पलिया निवासी विवेक कुमार राठौर पुत्र हंसराम जो बीते दिवस की शाम खाना खाने के बाद परिवार सहित कमरे में सो गया। मध्य रात्रि के दौरान अज्ञात चोर जो पिछवाड़े के बंद पड़े मकान के सहारे अंदर दाखिल हुए और कमरे का ताला तोड़ते हुए अंदर रखी सेफ अलमारी आदि तोड़ डाली और चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब गृह स्वामी का पुत्र हिमांशु पशुओं के लिए कमरे से भूसा लेने गया। जब सामने का नजारा देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने घटना की सूचना अपने पिता को दी। सूचना के बाद जब गृह स्वामी मौके पर पहुंचा तो उसके भी होश उड़ गए, क्योंकि अंदर रखे बक्से, सेफ अलमारी के ताले टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा हुआ था। घटना की सूचना शमसाबाद थाना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की। गृह स्वामी के अनुसार 2 वर्ष पूर्व पत्नी की मौत हो गई थी। वर्तमान में वह मेहनत मजदूरी कर घर परिवार का भरण पोषण कर रहा है। उसने यह भी बताया जिस कमरे में चोरी हुई उसके बराबर में दूसरा कमरा जिसमें वह सोया था। अज्ञात चोरों द्वारा पहले कमरे का ताला तोड़ा गया फिर अंदर तोडफ़ोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। पीडि़त गृहस्वामी के अनुसार अज्ञात चोर बक्से में रखी नगदी के अलावा एक सोने का मांगबेंदा, एक जोड़ी सोने के झाले, एक जोड़ी सोने के कुंडल, सोने का मंगलसूत्र, सोने की बाली, एक बच्चे की हाय, दो जोड़ी चांदी की पायलें तथा बच्चों के खड़ुआ तथा अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। पीडि़त गृहस्वामी ने बताया अज्ञात चोरों द्वारा की गई चोरी की घटना में 3 लाख का नुकसान हुआ है। पीडि़त ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *