पुलिस ने प्रतिबंधित मांस सहित एक को किया गिरफ्तार

गौरक्षक दल के जिलाध्यक्ष ने कंपिल-बदायूं मार्ग किया जाम
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। प्रतिबंधित मांस सहित पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपित व मांस को थाने ले आयी। मौके पर पहुंचे गौरक्षक दल के जिलाध्यक्ष ने ग्रामीणों के साथ कंपिल-बदायूं मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गांव इकलहरा में रविवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष दिलीप कुमार कंचन ने पुलिस बल के साथ एक घर में छापेमारी कर प्रतिबंधित मांस बरामद कर लिया। पुलिस आरोपित व मांस को थाने ले आयी। दो घण्टे तक चली कार्रवाई में पुलिस ने किसी ग्रामीण को पास नहीं भटकने दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने चार आरोपितों को गौवंश काटते समय दबोच लिया। एक घायल गौवंश को भी बरामद किया। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस ने लगभग सात बोरियों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद किया, लेकिन पुलिस ने मामले को रफा-दफा कर दिया। कुछ समय बाद गांव पहुंचे गौरक्षक दल के जिलाध्यक्ष दानवीर सिंह ने ग्रामीणों के साथ आरोपितों की झोपडिय़ों से गौवंश की खाल, हड्डियां, मांस आदि को निकाल कर पुलिस को सूचना दी। एक झोपड़ी में कुछ प्रतिबंधित मांस चूल्हे पर पक रहा था। एक घण्टा बीतने के बाद भी पुलिस के मौके पर न पहुंचने पर ग्रामीणों ने कंपिल-बदायूं मार्ग पर जाम लगा दिया। आधा घण्टे तक लगे जाम से सडक़ के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गयी। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ पांव फूल गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दानवीर सिंह व ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। दोपहर बाद थाने पहुंचे सीओ सतेन्द्र सिंह व उपजिलाधिकारी यदुवंश कुमार ने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी की। पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 सुखदेव ने मांस का नमूना लिया। पुलिस ने जांच के लिए नमूने को लैब भेज दिया। थाना प्रभारी दिलीप कुमार कंचन ने बताया एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। नमूने की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *