फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री सम्बोधित ज्ञापन कलेक्टे्रट पहुंचकर जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रांतीय आवाह्न पर बेमौसम बरसात व ओलावृष्टि के चलते किसानों की फसल में हुए नुकसान की भरपाई हेतु मुआवजा दिलाने की मांग की गई है।
3 व 3 मार्च को बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि होने से किसानों की गेहूं, सरसों, तम्बाकू, आलू की काफी फसल नुकसान हो गई है। जनपद की तहसील अमृतपुर के अन्तर्गत जमापुर, गौटिया, बदनपुर, मुजहा, लीलापुर, नगला हूसा, बलीपट्टी, आसमपुर मंझा, हरिहरपुर, कलक्टरगंज, करनपुर दत्त, अमृतपुर, राजपुर, कुबेरपुर, अलापुर, रतनपुर, गूजरपुर, हुसैनपुर, कुम्हरौर आदि गांव में ओलावृष्टि से गेहूं व सरसों की फसल बर्बाद हो गयी है। कायमगंज तहसील में तम्बाकू व गेहूं तथा आलू की फसल को नुकसान हुआ है। भारतीय किसान संघ मांग करता है कि किसानों के नुकसान की भरपाई शीघ्र मुआवजा देकर पूरी की जाये। इस मौके पर सुरजीत सिंह कटियार, सूर्यकांत महाजन, शिवनंदन सिंह भदौरिया, अवनीश दीक्षित, महावीर कटियार, अशोक कुमार, अनूप शर्मा, मानसिंह आदि लोग मौजूद रहे।
