फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशन में मतदाता साक्षरता क्लब हेतु 195 भोजपुर के मतदाता साक्षरता क्लब प्रभारी के प्रशिक्षण का आयोजन आरपी इंटर कॉलेज कमालगंज के सभागार में किया गया। कक्षा 9, 10, 11, 12 में पढऩे वाले विद्यार्थियों के लिए आयोग की तरफ से निर्धारित पाठ्यक्रम को स्वीप कोऑर्डिनेटर सुधीर कुशवाहा द्वारा विस्तार पूर्वक बताया गया। सभी विद्यालयों के लिए सॉफ्ट कॉपी में लिंक को प्रेषित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शक्ति सैनिक इंटर कॉलेज मौदहा के प्रधानाचार्य कणवेंद्र सिंह राठौड़ ने की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने 14 से17 वर्ष उम्र के भावी मतदाताओं के रूप में छात्र-छात्राओं के लिए मतदाता साक्षरता क्लबों का गठन करने हेतु आदेशित किया है।
जिसमें विद्यार्थी अपनी अपनी कक्षाओं में लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे। स्वीप कोऑर्डिनेटर सुधीर कुशवाहा ने बताया कक्षा 9,10, 11 और 12 के समस्त कक्षा अध्यापक मतदाता साक्षरता क्लब की भूमिका में रहेंगे। प्रधानाचार्य बलविन्दर सिंह ने कहा कि मतदाता साक्षरता के तहत क्लब का गठन हुआ है। उसका समय-समय पर अवलोकन भी करते रहेंगे। प्रत्येक विद्यालय में एक मतदाता साक्षरता दीवार का चयन किया जाएगा। जिसमें समय-समय पर विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताएं करते हुए उनके द्वारा बनाए गए चित्रों को उस पर चस्पा किया जाएगा तथा कुछ बच्चे उस पर अपने हाथों से पेंटिंग भी कर सकते हैं। इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं जैसे मतदाता बने के लिए क्या उम्र है तथा मतदान प्रक्रिया में किस तरीके से भाग लिया जाता है, इसके बारे में भी विस्तार पूर्वक समय-समय पर जानकारी दी जाएगी। प्रधानाचार्य बलविन्दर सिंह ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रधानाचार्या संगीता यादव ने मतदाता जागरुकता की शपथ दिलायी। इस मौके पर प्रधानाचार्य फतेह चंद्र, आशुतोष पांडे, सत्य प्रकाश वर्मा, कैलाश चंद्र राठौर, राजेश कुमार पांडे, दशरथ सिंह राजपूत, रजनीश मौजूद रहे। संचालन संजीव कुमार ने किया। विद्यालय के एनसीसी तथा अन्य छात्र/छात्रा इस चुनाव में निश्चित रूप से अपनी भागीदारी करते हुए अधिक से अधिक मतदाताओं के वोट डलवाने में भावी मतदाता के रूप में अपना सहयोग करेंगे।
