मार्ग दुर्घटना में चली गई युवक की जान, साथी घायल

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गयी। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौक से फरार हो गया। पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नगला हूसा निवासी गोपाल सोमवंशी 28 वर्षीय पुत्र अश्वनी सिंह सोमवंशी की अमृतपुर बस अड्डे के निकट बदायूं मार्ग पर दुर्घटना में मौके पर ही मृत्यु हो गई। बताते चलें कि गोपाल अपने मित्र विपिन कुमार उर्फ गुल्लु के साथ अमृतपुर की तरफ से अपनी मोटरसाइकिल संख्या एमपी०७एनजे3426 पर सवार होकर अपने गांव नगला हूषा की तरफ जा रहे थे, तभी अचानक राजेपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार गोपाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि साथी को मामूली चोटें आयीं। ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को लेकर फरार होने में कामयाब रहा। ग्रामीणों ने अमृतपुर थाना पुलिस को सूचना दी। अमृतपुर थाना अध्यक्ष मीनेश पचौरी तत्काल ही घटनास्थल पर पहुंचीं और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए गोपाल को अपनी पुलिस जीप में ले जाकर राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर तैनात डॉक्टर प्रमित राजपूत ने समाजसेवी को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया। माता आशा देवी, पत्नी वर्षा देवी आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के एक पुत्र वेदांत 3 वर्षीय व एक पुत्री कान्हा 2 वर्षीय है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। गोपाल बेहद ही सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्ति थे। उनकी समाज के हर वर्ग में अच्छी पकड़ थी। क्षेत्राधिकार अमृतपुर रविंद्र नाथ राय ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *