एलईडी वैन से किया गया चालकों व परिचालकों को जागरूक

मनाया जा रहा है सडक़ सुरक्षा पखवाड़ा
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार 22 अप्रैल 2024 से 4 मई 2024 तक सडक़ सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। सडक़ सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत जिलाधिकारी डॉक्टर वी0के0 सिंह के निर्देशन में परिवहन कार्यालय कानपुर से प्राप्त एलईडी प्रचार वाहन के माध्यम से उत्तर प्रदेश राज्य सडक़ परिवहन निगम डिपो परिसर में चालकों तथा परिचालकों को ऑडियो विजुअल दिखाकर सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
उल्लेखनीय है कि जनपद में वर्ष 2023 में 401 सडक़ दुर्घटनाओं में 194 व्यक्तियों की मृत्यु हुई तथा 269 व्यक्ति घायल हुए हैं। वर्तमान वर्ष में मार्च 2024 तक 93 सडक़ दुर्घटनाओं में 62 व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है तथा 74 व्यक्ति घायल हुए हैं। वर्ष 2023 की तुलना में इस वर्ष मार्च तक सडक़ दुर्घटनाओं की संख्या में 12 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि मृतकों की संख्या में 9 प्रतिशत तथा घायलों की संख्या में 19 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इससे यह स्पष्ट होता है कि इस वर्ष घटित दुर्घटनाएं अधिक घातक हुई हैं। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा सडक़ दुर्घटनाओं एवं दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में 50 प्रतिशत की कमी ले जाने के उद्देश्य से सडक़ सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है, ताकि समाज में जागरूकता उत्पन्न कर सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इस अवसर पर एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत, आरएम रोडवेज अरविंद मिश्रा तथा अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *