कमेटी करेगी ब्लैक स्पॉट की जांच, रोडवेज बस अड्डे से हटेगा अतिक्रमण
ब्लॉक तथा न्याय पंचायत स्तर तक फैलाएं सडक़ सुरक्षा जागरूकता
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉक्टर वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने समिति को बताया कि वर्ष 2024 में मार्च तक 93 सडक़ दुर्घटनाऐं हुई है जो गत वर्ष की 106 सडक़ दुर्घटनाओं की तुलना में 12 प्रतिशत कम है। इस अवधि में वर्ष 2024 में 62 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है जो गत वर्ष के 57 व्यक्तियों की मृत्यु की तुलना में 9 प्रतिशतअधिक है तथा वर्ष 2024 में माह मार्च तक 74 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं जो गत वर्ष के 62 घायलों की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है। जनपद में यह जनहानि की अपूर्णनीय क्षति है। जिलाधिकारी ने इस पर चिंता व्यक्त करते हुए जनपद के सभी 16 ब्लैक स्पॉट पर निरीक्षण कर आख्या देने हेतु क्षेत्राधिकारी यातायात, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग के सडक़ सुरक्षा इंजीनियर तथा एआरटीओ को सम्मिलित रूप से ब्लैक स्पॉट की डिजाइन, जंक्शन इंप्रूवमेंट के संबंध में सडक़ सुरक्षा समिति के सचिव के माध्यम से आख्या उपलब्ध 15 दिवस के भीतर उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। सडक़ सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जागरूकता कार्यक्रमों को न्याय पंचायत तथा विकास खंड स्तर तक आयोजित करने के निर्देश दिए तथा प्रत्येक कार्यक्रम में शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना, स्काउट गाइड एवं एआरटीओ की उपस्थिति अनिवार्य रूप से होनी चाहिए।
राष्ट्रीय राजमार्ग 730 सी के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया की राष्ट्रीय राजमार्ग दो लेन का तथा 10 मीटर चौड़ा होगा तथा इसमें दो-दो मीटर के शोल्डर होंगे। फर्रुखाबाद नगर में 10 किलोमीटर लंबा डिवाइडर बनाया जाएगा। इस पर जिलाधिकारी द्वारा पूरे राजमार्ग को भारतीय रोड कांग्रेस के मापदंडों के अनुसार स्वीकृत डिजाइन से बनाने तथा सडक़ सुरक्षा मानकंो को त्रुटि रहित पूरा करने के निर्देश दिए तथा जहां पर राजमार्ग निर्माण हो चुका है वहां पर कैट आई आदि लगाने के निर्देश दिए गए। बैठक में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य सडक़ परिवहन निगम अरविंद मिश्रा द्वारा यातायात के दृष्टिगत रोडवेज बस स्टैंड के सामने ठेला आदि लगाए जाने की समस्या को रखा गया। इस पर जिलाधिकारी द्वारा क्षेत्राधिकारी यातायात एवं थाना अध्यक्ष कादरी गेट को रोडवेज बस अड्डा से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी द्वारा क्षेत्राधिकारी यातायात को नगर में यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एआरटीओ प्रशासन वी0एन0 चौधरी, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड नफीस अहमद, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड मुरलीधर, क्षेत्राधिकारी यातायात जयसिंह परिहार, यातायात प्रभारी रजनेश कुमार, जिला रोल आउट मैनेजर एनआईसी दीपक कुमार तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने ली जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक, दिये निर्देश
