बंद पड़े मकान का ताला तोडक़र चोरों ने हजारों की नगदी तथा कीमती सामान उड़ाया

घटना की सूचना के बाद डायल 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच पड़ताल
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र ग्राम रजलामई निवासी पूर्व फौजी स्व0 श्याम सिंह के पुत्र राजू के बंद मकान को अज्ञात चोरों द्वारा उस वक्त निशाना बनाया गया जब वह बीमार बहन को देखने के लिए मां के साथ फिरोजाबाद गया था। घटना के संबंध में पीडि़त राजू ने बताया उसकी बहन फिरोजाबाद में ब्याही है। दो दिन पूर्व बीमार होने की सूचना दी गई थी। सूचना के आधार पर मां के साथ बहन के घर गया हुआ था। पीडि़त के अनुसार पत्नी मायके में है। घर में ताला पड़ा था। जिसका फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों द्वारा पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा गया। बाद में अज्ञात चोर अंदर दाखिल हुए जहां अज्ञात चोरों ने कमरों के ताले तोडक़र चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब रविवार की सुबह 10 बजे गांव पहुंचा। घर पहुंचने पर जब मुख्य गेट का दरवाजा खुला देखा तो उसके होश उड़ गए। जब अंदर दाखिल हुए, तो कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा हुआ था। यह नजारा देख उसकी चीख निकल गई। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों की भीड़ जुट गयी। घटना की सूचना डायल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल की। पीडि़त राजू ने बताया कुछ दिन पूर्व उसने पिताजी की 50 हजार रूपये पेंशन निकाली थी जो घर में रखी थी। इसके अलावा पीतल के बर्तन, महिलाओं के कपड़े, साडिय़ां एवं बच्चों के चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान चुरा ले गए। बताते हैं राजू एक अन्य भाई स्व0 पवन कुमार के कमरे के भी ताले तोड़े दिए। उन्होंने बताया भाई का परिवार गांव में रह रहा है। यहां कमरे में ताला पड़ा हुआ था। पीडि़त के अनुसार चोरी की इस घटना में एक लाख से भी ज्यादा का नुकसान हुआ है। पीडि़त गृह स्वामी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *