चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग से दो गृहस्थी जलीं

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। थाना राजेपुर के अंतर्गत आने वाले गांव कटरी सथरा में शनिवार सुबह चाय बनाते समय गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि जब तक लोग कुछ समझ पाते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। यही के निवासी रतिपाल के घर से भडक़ी आग ने पड़ोस में रहने वाले उसका भाई जगपाल के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखे हुए तीन मोबाइल फोन, एक टैबलेट सहित घरेलू सामान राशन जिसमें गेहूं, चावल, दाल आदि, बक्से, अलमारी, चारपाई, कपड़े सब कुछ जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने थाना पुलिस को सूचना देने के साथ ही फायर ब्रिगेड को भी जानकारी दी। आग बुझाने के लिए पंपिंग सेट का प्रयोग किया गया। थोड़ी देर में मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंच गई। ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मचारियों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों परिवारों की गृहस्थी पूरी तरीके से बर्बाद हो चुकी थी। लोगों का अनुमान है कि नुकसान 5 से 7 लाख के बीच हुआ है। एसडीएम के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया। तहसील अधिकारियों के अनुसार क्षति आंकलन की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार शासन की तरफ से नुकसान की भरपाई का मुआवजा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *