अरविंद केजरीवाल तीन दिन की सीबीआई रिमांड पर

दिल्ली के कथित शराब घोटाले मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने आज बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 3 दिन के लिए सीबीआई रिमांड में भेज दिया है. साथ ही कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि सीबीआई को 29 जून की शाम 7 बजे से पहले केजरीवाल को कोर्ट में पेश करना होगा. इससे पहले कोर्ट ने सीबीआई को 2 दिन की पूछताछ के बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने की अनुमति दी. विशेष न्यायाधीश अमिताभ रावत के आदेश के बाद सीबीआई ने सीएम को गिरफ्तार कर लिया. केंद्रीय जांच एजेंसी ने अदालत से केजरीवाल को गिरफ्तार करने की अनुमति देने का अनुरोध किया था. वहीं, सुप्रीम कोर्ट से केजरीवाल ने दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा जमानत पर रोक लगाने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका वापस ले ली है। अब पार्टी नए सिरे से याचिका दायर करेगी।

केजरीवाल ने भी रखी अपनी बात

राउज एवेन्‍यू कोर्ट में सुनवाई के दौरान अरविंद केजरीवाल ने करीब 1 मिनट तक अपना पक्ष रखा. इस दौरान उन्‍होंने अपने खुद को निर्दोष बताया. अरविंद केजरीवाल ने कहा, “CBI की तरफ से मीडिया में प्लांट किया जा रहा है कि मैंने सारा दोष मनीष सिसोदिया पर डाल दिया है. मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है. मैंने कहा है- मैं भी निर्दोष हूं… मनीष सिसोदिया भी निर्दोष हैं. अभी तो इन्होंने अरेस्ट किया है अगले तीन-चार दिन तक यह इसी तरह की चीज प्लांट करेंगे. इस चीज को भी ऑन रिकॉर्ड लिया जाए कि कैसे मीडिया में प्लांट किया जा रहा है और बदनाम किया जा रहा है. मैं यही भी कहना चाहता हूं कि आम आदमी पार्टी भी निर्दोष है.”

ये तानाशाही और इमरजेंसीः सुनीता केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, “20 जून अरविंद केजरीवाल को बेल मिली. लेकिन तुरंत ईडी ने स्टे लगवा लिया. फिर अगले ही दिन सीबीआई ने आरोपी बना दिया और आज गिरफ्तार कर लिया. पूरा तंत्र इस कोशिश में है कि बंदा जेल से बाहर ना आ जाए. ये कानून नहीं है बल्कि ये तानाशाही है, इमरजेंसी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *