लेखपाल ने महिला प्रधान सहित दस लोगों पर दर्ज कराया मुकदमा.

*चारागाह की भूमि पर कब्जे का मामला
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज।
क्षेत्रीय लेखपाल ने चारागाह की भूमि पर अवैध कब्जा करने के मामले में महिला ग्राम प्रधान सहित 10 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
तहसील सदर परगना शमशाबाद पूर्व थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव सिरौली चतुर्थ में कार्यरत लेखपाल अश्वनी सक्सेना व सिरौली द्वितीय व तृतीय में कार्यरत लेखपाल निशा सक्सेना ने मानपुर निवासी मुनेश्वर पुत्र सोनेलाल, नगला पूठा निवासी नरेश चंद्र पुत्र सूबेदार, सुनील पुत्र विजय सिंह, रूपलाल पुत्र सूबेदार, शैलेंद्र सिंह पुत्र रामकिशन, रनधीर पुत्र महावीर, रामानंद पुत्र उजागर लाल, नगला मोती निवासी रामदत्त पुत्र दिवारी, नगला मनी निवासी राजेश पुत्र प्रभु दयाल व सिरौली निवासी ग्राम प्रधान शीतला देवी के विरुद्ध धारा 447 तथा धारा 3 व 4 सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
तहरीर के अनुसार सिरौली स्थित चारागाह की भूमि पर मुनेश्वर, नरेशचंद्र, सुनील, रूपलाल, शैलेंद्र सिंह, रामानंद, रनधीर ने अवैध कब्जा कर रखा है। चारागाह की भूमि पर मुनेश्वर व राजेश ने गेंहू की फसल बो रखी थी। इसकी सुपुर्दगी 15 मार्च को ग्राम प्रधान शीतला देवी की उपस्थिति में दी गई, किंतु ग्राम प्रधान द्वारा अपने पद दुरुपयोग करते हुए सुपुर्द की गई भूमि को भूमि प्रबंधक समिति के अनुमोदन के बिना उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 77 के सुरक्षित श्रेणी की चारागाह गाटा संख्या 3757 पर अनाधिकृत रूप से पुन: कब्जा करवा कर रामदत्त को मक्का की फसल बुवाई। पुलिस ने लेखपाल की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *