तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक फैक्ट्री में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया है. बॉयलर फटने से छह श्रमिकों की मौत हो गई है, जबकि 15 से अधिक घायल हो गये हैं. ये मजदूर दूसरे राज्य के बताये जा रहे हैं.
तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में शुक्रवार को कांच की फैक्ट्री में धमाका हुआ। हादसे में छह श्रमिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। विस्फोट के बारे में पुलिस ने बताया कि शादनगर की फैक्ट्री में एक टैंक में शाम करीब 4.30 बजे विस्फोट हुआ। पुलिस ने कहा कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस का मानना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. विस्फोट में मजदूरों के शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गये हैं. बताया गया है कि हादसे के वक्त फैक्ट्री में 150 लोग मौजूद थे. इस विस्फोट की घटना को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को अलर्ट किया है. दुर्घटनास्थल पर कलेक्टर को दुर्घटना में घायल हुए लोगों के बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने के निर्देश जारी किए गए. मुख्यमंत्री ने आदेश दिया कि राजस्व, पुलिस, अग्निशमन विभाग, श्रम, उद्योग और चिकित्सा दल घटनास्थल पर रहें और समन्वय बनाकर राहत और बचाव कार्य तेज गति से करें.
