MP में भी पूर्व अग्निवीरों को मिलेगा आरक्षण, पुलिस-PAC में मिलेगी छूट
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अग्निवीरों के लिए एक बहुत बड़ी सौगात दी है. सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार अग्निवीरों की सेवा समाप्त होने के बाद उन्हें यूपी पुलिस और पीएसी में प्राथमिकता देगी. सीएम योगी ने कहा कि अग्निवीरों के लिए एक निश्चित आरक्षण की सुविधा यूपी सरकार मुहैया कराएगी. सीएम योगी ने इस दौरान विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अग्निवीर बहुत अच्छी योजना है लेकिन कुछ राजनीतिक दल इस पर राजनीति करके लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं.
अग्निवीर जब अपनी सेवा के बाद वापस आएंगे, उत्तर प्रदेश सरकार पुलिस सेवा में, पीएसी में इन नौजवानों को प्राथमिकता के आधार पर समायोजन की सुविधा देगी।
उनके लिए एक निश्चित आरक्षण की सुविधा उत्तर प्रदेश पुलिस में उपलब्ध कराएंगे… pic.twitter.com/7T5VorcpVa
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 26, 2024
यूपी में सीएम योगी के बयान के बाद मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने भी अग्निवीरों के लिए आरक्षण की घोषणा की है. सीएम मोहन यादव ने कहा है कि कारगिल दिवस के मौके पर उनकी सरकार ने निर्णय किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशानुसार अग्निवीर जवानों को पुलिस और सशस्त्र बलों की भर्ती में आरक्षण दिया जाएगा. इससे पहले केंद्र सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र बल (CAPF) और असम राइफल्स में 10 प्रतिशत पूर्व अग्निवीरों को आरक्षण देने का ऐलान किया है. 24 जुलाई को गृहराज्य मंत्री ने इस बात की जानकारी दी थी. इसके तहत पूर्व अग्निवीरों को कांस्टेबल और राइफलमैन के पद पर एज लिमिट और फिजिकल टेस्ट में छूट दी जाएगी. हालांकि केंद्र सरकार की इस घोषणा के बाद से ही एक बार फिर से विपक्षी नेता अग्निवीर योजना को लेकर सरकार पर हमलावर हो गए हैं.
समय-समय पर रिफॉर्म अत्यंत जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी देश और समाज के लिए प्रगति और समृद्धि के नित नये प्रतिमान स्थापित करने के लिए समय-समय पर होने वाला रिफॉर्म अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। हर फील्ड में पिछले 10 साल में बेहतरीन रिफॉर्म हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अथर्व्यवस्था को एक सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाने और दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में लाने के लिए कार्य किये गये हैं। एक तरफ हम समृद्धि के नित नये सोपान छू रहे हैं, तब हमें राष्ट्रीय सुरक्षा को भी उतना ही महत्व देना होगा। सेना और उनके साजो सामान में आत्मनिर्भरता के लिए उठाये गये कदम हों या आधुनिकिकरण के लिए लिए गये त्वरित निर्णय, आज अत्याधुनिक फाइटर प्लेन भारत के पास हैं।
